Explore

Search

October 16, 2026 10:09 pm

विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण

रायपुर।छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में पावस सत्र के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि यह अभियान मातृ सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS