Explore

Search

July 14, 2026 5:42 pm

रायपुर विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने संभाला पदभार

मंत्री ओ.पी. चौधरी बोले- सुनियोजित विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने आरडीए कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ओ.पी. चौधरी ने डॉ. शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायपुर के सुनियोजित और समग्र विकास में रायपुर विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. शर्मा के प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से विकास परियोजनाओं में तेजी आएगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

आरडीए अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने कहा कि डॉ. जय प्रकाश शर्मा के प्रशासनिक अनुभव, चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय तक किए गए कार्य और सामाजिक सरोकारों का लाभ प्राधिकरण को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहितकारी कार्यों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मिलकर काम करने की बात भी कही।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप आरडीए की योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायपुर के सुनियोजित विकास, आधुनिक अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाओं तथा हितग्राही सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ढंग से कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, आरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश शरण सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS