Explore

Search

July 14, 2026 5:41 pm

‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान से बालोद में जल संरक्षण को नई रफ्तार, 2.85 लाख संरचनाओं का निर्माण

रायपुर, 14 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित ‘मोर गांव-मोर पानी’ महाअभियान के तहत बालोद जिले में जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप मिल रहा है। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान में व्यापक जनभागीदारी के साथ जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन के कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, स्व-सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से वर्षा जल संचयन के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए हैं। अभियान के तहत शासकीय भवनों में रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज शाफ्ट, तालाब, डबरी और ट्रेंच बनाए गए हैं। वहीं हैंडपंपों और प्रधानमंत्री आवासों में सोख्ता गड्ढों तथा वर्षा जल संचयन प्रणालियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

भू-जल पुनर्भरण के लिए रिचार्ज पिट, इंजेक्शन वेल, निष्क्रिय बोरवेलों का रिचार्ज, तालाबों का गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार, चेकडैम और वाटर एब्जॉर्बिंग ट्रेंच जैसी संरचनाओं का निर्माण किया गया है।

जिले में वीबी-जी राम जी योजना (मनरेगा), वन विभाग, जिला खनिज न्यास (डीएमएफ), विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं तथा जनभागीदारी के माध्यम से अब तक 2.85 लाख जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया जा चुका है। इनसे 19.23 लाख घनमीटर अतिरिक्त जल संचयन क्षमता विकसित हुई है, जिससे भू-जल स्तर में सुधार, भूमि में नमी का संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

अभियान में जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्राम विकास समितियों, महिला कमांडो, ग्रीन आर्मी तथा स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। तालाबों और जलाशयों की सफाई, जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता, वृक्षारोपण और सीड बॉल अभियान भी चलाया जा रहा है। जुलाई माह में अब तक 3 लाख से अधिक सीड बॉल का रोपण किया जा चुका है, जबकि 2 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

राज्य सरकार ने प्रदेशभर में जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, हरित विकास और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता दी है। जिला प्रशासन बालोद “जल संरक्षण–जन सहभागिता से जल समृद्धि” की अवधारणा को साकार करते हुए जल-सुरक्षित और हरित ग्रामीण विकास की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS