Explore

Search

July 8, 2026 5:45 pm

रायगढ़ में 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ जब्त, 22 लाख की संपत्ति कब्जे में

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ परिवहन करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई”

रायगढ़। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार भके तहत छाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ और उसे परिवहन कर रहे छह चक्का वाहन को जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कबाड़ के स्रोत और वास्तविक मालिक की जांच शुरू कर दी है।

एएसपी अनिल सोनी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि हाटी क्षेत्र से एक छह चक्का वाहन में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लेकर घरघोड़ा की ओर जाया जा रहा है। सूचना पर छाल थाना पुलिस ने बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहन क्रमांक CG-12 BD-1623 को रोककर जांच की। तलाशी में तिरपाल के नीचे लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीना सहित अन्य कबाड़ सामग्री मिली।

वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम तौफिक खान (19) निवासी सीएसईबी चौकी क्षेत्र, जिला कोरबा बताया। पुलिस द्वारा परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने करीब 8.5 टन लोहे का कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये है, तथा करीब 20 लाख रुपये कीमत का महिंद्रा छह चक्का वाहन जब्त कर लिया। इस तरह कुल 22 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने कब्जे में ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35(क), 35(ड) तथा बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। साथ ही जब्त कबाड़ के स्रोत और उसके वास्तविक स्वामित्व की जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी खरसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना छाल के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का कहना है कि अवैध कबाड़ का कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्तियों से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। ऐसे मामलों में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS