Explore

Search

August 23, 2026 10:27 am

जनदर्शन में गूंजी किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर। जिले में पर्याप्त बारिश के बीच खरीफ की बुआई तेज होने की जानकारी लेने के साथ कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सोमवार को आयोजित जनदर्शन में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। लंबित भुगतान, राशन वितरण, अतिक्रमण और मजदूरी भुगतान से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल और अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने किसानों से खेती-किसानी की स्थिति पर चर्चा की। किसानों ने बताया कि अच्छी बारिश के कारण खरीफ फसलों की बुआई और अन्य कृषि कार्य तेजी से चल रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने किसानों को शासन की कृषि योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह दी।

मस्तूरी विकासखंड के ग्राम सुकुलकारी निवासी राजकुमार सोनी ने ग्राम पंचायत जलसों के पंचायत भवन में कराए गए विद्युत फिटिंग कार्य का दो वर्ष से लंबित भुगतान दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए आवेदन जिला पंचायत के सीईओ को भेज दिया।

मस्तूरी के लिमतरा गांव की उचित मूल्य दुकान में चार से छह माह से राशन वितरण नहीं होने की शिकायत पर खाद्य नियंत्रक को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं तखतपुर विकासखंड के ग्राम पेंडारी निवासी किसान लक्ष्मी प्रसाद कौशिक ने खेत तक जाने वाले मार्ग पर शासकीय भूमि में अतिक्रमण हटाने की मांग की। इस पर एसडीएम (राजस्व) को मार्ग को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए गए।

तिफरा निवासी दिव्यांग कर्मचारी दुर्गा केंवट ने समाज कल्याण विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्य करने के बावजूद वेतन भुगतान में हो रही देरी की शिकायत की। कलेक्टर ने संयुक्त संचालक, समाज कल्याण विभाग को लंबित भुगतान कराने के निर्देश दिए।

बिल्हा जनपद पंचायत के ग्राम कड़ार से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिना कार्य कराए मजदूरी भुगतान किए जाने की शिकायत भी सामने आई। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के सीईओ को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर योजना से जुड़े बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें पात्रता परीक्षण के लिए भू-अभिलेख शाखा भेजा गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS