देश के लगभग 30 राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे

“मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेलो इंडिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही मलखम्ब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखम्ब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का पूरा व्यय भी राज्य सरकार वहन करेगी”
बिलासपुर।प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने तथा जनजातीय अंचलों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़-2026’ का आयोजन 25 मार्च से 6 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर, सरगुजा और बस्तर के विभिन्न खेल मैदानों में होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि युवा देश और प्रदेश का भविष्य हैं। राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और खेल सहित सभी क्षेत्रों में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026’ वनांचल के खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान देने के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना, प्रदेश में खेल अधोसंरचना के निर्माण, केंद्र की खेलो इंडिया योजनाओं के क्रियान्वयन, खेल अकादमियों की गतिविधियों, खेल अलंकरण और युवा महोत्सव सहित आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत खेल अधोसंरचना परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा प्रथम ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की मेजबानी छत्तीसगढ़ को दी गई है। प्रतियोगिता में कुल 7 प्रतिस्पर्धात्मक और 2 प्रदर्शनात्मक खेल शामिल होंगे। रायपुर में तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, स्विमिंग और कबड्डी (डेमो), सरगुजा में कुश्ती एवं मलखम्ब (डेमो) तथा बस्तर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस आयोजन में देश के लगभग 30 राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खेलो इंडिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही मलखम्ब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखम्ब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का पूरा व्यय भी राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में एक लाख 65 हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होकर शांति, विकास और सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार उन्हें पहचान कर आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आने वाले समय में बस्तर और सरगुजा अंचल में ओलंपिक स्तर के खेल आयोजनों के माध्यम से राज्य की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनूजा सलाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


