Explore

Search

March 7, 2026 11:59 am

एसएसपी विजय अग्रवाल की रणनीति से दुर्ग में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ होली पर्व,किया दुर्ग की जनता का आभार 

“एसएसपी अग्रवाल ने बताया जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी संख्या में आरोपियों पर कार्रवाई की गई। विभिन्न मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, वहीं 600 से अधिक लोगों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई ”

दुर्ग। जिले में होली पर्व इस वर्ष पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इसके लिए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय अग्रवाल ने जिले के आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और पुलिस की सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के कारण जिले में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सका।

होली पर्व को ध्यान में रखते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देशन में पूरे जिले को 10 अनुविभागों में विभाजित कर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। लगभग 900 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में तैनात किया गया था। इसके साथ ही 139 महत्वपूर्ण स्थानों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई और 73 पेट्रोलिंग पार्टियों द्वारा लगातार गश्त कर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी गई।

शहर और अंदरूनी इलाकों में त्वरित कार्रवाई के लिए 30 “बाज़” मोटरसाइकिल क्विक रिस्पांस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने गलियों और बस्तियों में लगातार पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। स्वयं एसएसपी विजय अग्रवाल ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग कर ड्यूटी में तैनात पुलिस बल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने भिलाई और छावनी सब डिवीजन का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। संवेदनशील क्षेत्रों पर ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी निगरानी रखी गई।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 25 प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकाबंदी प्वाइंट बनाकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। 2 से 4 मार्च के बीच शराब पीकर वाहन चलाने वाले 88 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। प्रभावी निगरानी के कारण होली के दिन जिले में कोई गंभीर सड़क दुर्घटना सामने नहीं आई।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। बीएनएसएस की धारा 129 के तहत 105 व्यक्तियों और धारा 170 के तहत 130 आरोपियों को जेल भेजा गया। वहीं धारा 126 और 135 के तहत 600 से अधिक लोगों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। इसके अलावा आबकारी एक्ट के 43 मामलों में 72 लोगों तथा आर्म्स एक्ट के 38 प्रकरणों में 38 आरोपियों को जेल भेजा गया। लंबित वारंटों के निष्पादन के लिए चलाए गए अभियान में 212 स्थायी वारंट और 350 गिरफ्तारी वारंट भी तामील किए गए।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि भविष्य में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में इसी तरह सहयोग करते रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने त्योहार के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पेट्रोलिंग दल, “बाज़” क्विक रिस्पांस टीम और यातायात पुलिस की सराहना भी की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS