रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित संत समागम समारोह के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय माघ पूर्णिमा के अवसर पर कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब एवं पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब को चादर एवं श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर वर्ष और अधिक भव्य होता जा रहा है, जो जनआस्था का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में व्यापक प्रभाव रहा है, इसी कारण प्रदेश के लोग शांतिप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि वे बचपन से ही कबीरपंथ से परिचित रहे हैं तथा उनके पैतृक गांव बगिया में भी कबीरपंथी परिवार निवासरत हैं। दामाखेड़ा का नाम ‘कबीर धर्मनगर’ किए जाने के संबंध में उन्होंने बताया कि राजपत्र में प्रकाशन की अंतिम प्रक्रिया प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और 31 मार्च 2026 तक इसके समूल उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है। सरकार जनता से किए गए वादों को तेजी से पूरा कर रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक समारोह अत्यंत अलौकिक एवं प्रेरणादायक रहा। उन्होंने बताया कि कबीरपंथ द्वारा वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति एवं युवा उत्थान के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कबीर आश्रम के विकास कार्यों को लेकर निरंतर सजग रहते हैं और उनके शीघ्र पूर्ण होने के निर्देश देते हैं।
समारोह को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल एवं भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने मुख्यमंत्री का कबीरपंथी समाज की ओर से आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बसंत पंचमी के अवसर पर कबीरपंथ के 16वें वंशाचार्य पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि इस वर्ष देश के विभिन्न प्रांतों के साथ-साथ विदेशों से भी कबीरपंथी संत एवं अनुयायी समागम में शामिल हुए हैं तथा आयोजन को शासन-प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
समारोह में पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब गुरु गोसाईं भानुप्रताप साहेब विधायक भावना बोहरा, ईश्वर साहू पूर्व सांसद अभिषेक सिंह पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित सद्गुरु कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधिगण अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कबीरपंथ के अनुयायी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


