Explore

Search

April 25, 2026 2:19 am

नाबालिग का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर किया वायरल, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर नाबालिग का अश्लील वीडियो वायरल करने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किया गया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई साइबर टीप लाइन से मिली सूचना के आधार पर की गई।



कोतवाली सीएसपी अक्षय सबद्रा ने बताया कि एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) की ओर से संचालित साइबर टीप लाइन के माध्यम से बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो पर नजर रखी जाती है। इसी निगरानी के दौरान यह जानकारी मिली कि गोलबाजार क्षेत्र से एक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है, जो एक नाबालिग से जुड़ा हुआ है।

साइबर टीप लाइन द्वारा कोतवाली पुलिस को जिस मोबाइल से वीडियो वायरल किया गया, उसका डिटेल उपलब्ध कराया गया। इसके आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच में सामने आया कि यह मोबाइल तालापारा के मरीमाई मोहल्ला निवासी सरवर हुसैन (37) के पास है।

पुलिस ने गोलबाजार क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी सरवर हुसैन को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने वीडियो प्रसारित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल और सिम जब्त कर लिया है, जिसे आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक जांच में भेजा जाएगा।

आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।


नाबालिग के अश्लील वीडियो से रहें दूर, पुलिस कर रही निगरानी
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें। ऐसा करना अपराध की श्रेणी में आता है और इसके लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS