Explore

Search

July 5, 2026 4:57 am

उधार के पैसे मांगने पर महिला से मारपीट और गाली-गलौज, आरोपी युवक और युवती के खिलाफ एफआईआर

बिलासपुर। राजेंद्र नगर निवासी एक महिला के साथ बीच सड़क पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने बताया कि उसने करीब पांच साल पहले अपने जान-पहचान के जित्तू ठाकुर नामक युवक को जरूरत के वक्त कुछ रुपये उधार दिए थे। शुरुआत में युवक ने पैसे लौटाने का भरोसा दिया था, लेकिन समय बीतने के साथ वह रकम लौटाने से कतराने लगा और बहाने बनाने लगा। महिला ने जब बार-बार पैसे की मांग की, तो गुरुवार की दोपहर जित्तू ठाकुर ने उसे संजीवनी अस्पताल के पास बुलाया।

जब महिला वहां पहुंची तो देखा कि युवक एक युवती के साथ मौजूद था। बातचीत के दौरान युवक ने महिला को बताया कि वह अब उस युवती से शादी करने जा रहा है और इसलिए वह उधार की रकम वापस नहीं करेगा। महिला ने जब पैसे की मांग पर जोर दिया तो युवक और युवती दोनों ने मिलकर महिला से गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला यहीं नहीं रुका, दोनों ने महिला की बेल्ट से पिटाई कर दी। बीच सड़क पर हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने किसी तरह बीच-बचाव कर महिला को छुड़ाया।

हमले में महिला को चोटें आई हैं। इसके बाद उसने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी जित्तू ठाकुर और उसके साथ मौजूद युवती के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS