Explore

Search

September 8, 2026 12:03 pm

राज्यपाल शिक्षक सम्मान की 21 हजार की राशि स्कूल के प्रवेश द्वार के लिए समर्पित

CBN36 बिलासपुर। राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित आदर्श शिक्षक जय कौशिक ने पुरस्कार स्वरूप मिली 21 हजार रुपए की सम्मान राशि को अपने विद्यालय के प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि विद्यालय के प्राचार्य, सभी शिक्षकों और उन विद्यार्थियों का है, जिन्होंने बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल का गौरव बढ़ाया है।

जय कौशिक ने कहा कि सम्मान मिलने के साथ शिक्षक की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। जिस विद्यालय में कभी करीब 300 विद्यार्थी अध्ययनरत थे, वहां अब लगभग 2500 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। एक सेक्शन से बढ़कर तीन-चार सेक्शन और चार कमरों से करीब 40 कक्षों तक विद्यालय का विस्तार हुआ है। इसके बावजूद प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की कतार कम नहीं हो रही है। उन्होंने इसे शासकीय विद्यालय के प्रति अभिभावकों और विद्यार्थियों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया।

विद्यालय में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। योग, पीटी, जुम्बा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और बाल कैबिनेट जैसी गतिविधियों को नियमित रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।

राज्यपाल शिक्षक सम्मान मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रभारी डीईओ वर्षा शर्मा सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने जय कौशिक का सम्मान किया। मित्र शिक्षक परिवार की ओर से भी समारोह आयोजित कर उन्हें बधाई दी गई और बेहतर शिक्षा सेवा के लिए आगे भी कार्य करने का संकल्प लिया गया। विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों के साथ गांव के लोगों तथा छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी उन्हें सम्मान और शुभकामनाएं दीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS