
भारी सुरक्षा के बीच आरोपियों का जुलूस, नेहरू चौक से कोर्ट तक पुलिस का कड़ा पहरा; फरार आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश
CBN36 बिलासपुर। खपरगंज बवाल मामले में पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है। पुलिस ने चार और आरोपियों अक्षय सिंह, अभय शर्मा, मोहनीश गोस्वामी और सतानंद साहू को गिरफ्तार किया है। इनके पकड़े जाने के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 26 हो गई है। वहीं फरार आरोपी रामसिंह समेत अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को भारी सुरक्षा के बीच नेहरू चौक से जिला न्यायालय ले जाया गया। आरोपियों को कोर्ट ले जाने के दौरान एएसपी, सीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पूरे रास्ते पुलिस की कड़ी निगरानी रही। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
घटना के वक्त मौके पर मौजूद थे आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अक्षय सिंह, मोहनीश गोस्वामी और सतानंद साहू घटना की शुरुआत के दौरान मौके पर मौजूद थे। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बवाल में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
रक्षाबंधन पर्व की रात खपरगंज इलाके में आपसी रंजिश के चलते मामूली विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था। कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और बल प्रयोग करना पड़ा। घटना में दोनों पक्षों के दो दर्जन से अधिक लोगों के साथ कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।
एसपी–कलेक्टर ने संभाला था मोर्चा
बवाल की सूचना मिलते ही एसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे थे। दोनों अधिकारियों ने देर रात तक स्थिति की निगरानी की। तनाव को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया था।
50 से ज्यादा लोगों पर एफआईआर
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के नामजद लोगों समेत 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। इसमें धारा 307 और 191 भी शामिल हैं। पुलिस वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और ड्रोन फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर बवाल में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी
पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि हिंसा और उपद्रव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक




