Explore

Search

September 5, 2026 6:55 pm

आंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ पर FIR, CCTV में महिला की गतिविधि के संकेत

“कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा- प्रतिमाओं के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं,किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें

“एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की घटना के संबंध में सभी तथ्यों की पुष्टि कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी”

सिविल लाइन थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस कर रही महिला की पहचान और तलाश”

CBN36 बिलासपुर। बरजेश स्कूल के पास स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शिकायतकर्ता के आवेदन पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 1215/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 और 299 के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू की है।

अन्य प्रतिमाओं के आसपास के फुटेज भी खंगाले

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बरजेश स्कूल के आसपास के साथ-साथ शहर की अन्य प्रमुख प्रतिमाओं के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का भी परीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, फुटेज में एक महिला द्वारा इस तरह की गतिविधि किए जाने के संकेत मिले हैं। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। पुलिस उसकी पहचान और तलाश कर रही है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कलेक्टर ने कहा- प्रतिमाओं के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रपुरुषों और महापुरुषों की प्रतिमाएं समाज की भावनाओं और गौरव से जुड़ी हैं। इनके सम्मान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और संबंधित अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करने और घटना के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अफवाहों से बचने की अपील

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे घटना को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

दूसरी ओर एएसपी सिटी पंकज पटेल ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि  04 सितंबर 2026 की सुबह सूचना प्राप्त हुई कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जीडीसी कॉलेज के सामने स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ की गई है। सूचना पर थाना सिविल लाइन में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपी की पहचान एवं तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान सामने आया कि शहर में घूमने वाली एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं के साथ इसी प्रकार की छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस द्वारा उक्त महिला की तलाश की जा रही है। महिला के मिलने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा उसके परिजनों/संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ सेंदरी स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भर्ती कराने की कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS