Explore

Search

September 5, 2026 5:53 pm

बेटी से एकतरफा प्यार में मां की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

CBN36 जशपुर। आस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को झारखंड के रायडीह से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी द्वारा उससे बातचीत करने से मना करने और मृतका द्वारा उसे बेटी को परेशान करने से रोकने पर आरोपी नाराज था। इसी आवेश में उसने घर में रखे टांगिया से महिला के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान धनमनी बाई (55) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30) ग्राम कोमडो, थाना सिटी कोतवाली जशपुर का निवासी है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी बरामद कर लिया है।

घर में अकेली थी महिला

पुलिस के मुताबिक, धनमनी बाई के पति ने 4 सितंबर को आस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 3 सितंबर को सुबह करीब 11:30 बजे वह खाना खाने के बाद मवेशी चराने जंगल की ओर चले गए थे। उस समय उनकी पत्नी घर में अकेली थी।

शाम करीब छह बजे जब वह वापस लौटे तो धनमनी बाई घर के अंदर जमीन पर पड़ी मिलीं। उनके चेहरे के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट थी और खून निकल रहा था। आवाज देने के बावजूद उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पास ही टांगिया पड़ा हुआ था। घटना की सूचना परिजनों को देने के बाद पुलिस को दी गई।

मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

परिजनों और गवाहों से पूछताछ में मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका के परिजनों और गवाहों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अवधेश राम कुछ दिन पहले मृतका के घर आया था और उसके साथ विवाद हुआ था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने अवधेश पर संदेह जताते हुए उसकी तलाश शुरू की।

जब पुलिस टीम उसके ग्राम कोमडो स्थित घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की गई। पुलिस को उसके झारखंड के रायडीह में होने की जानकारी मिली। टीम ने तत्काल रायडीह पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और जशपुर लेकर आई।

पूछताछ में कबूला अपराध

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार अवधेश मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी द्वारा बातचीत नहीं करने से वह नाराज था। इसी नाराजगी में वह मृतका के घर पहुंचा।

पुलिस के मुताबिक, मृतका ने अवधेश को अपनी बेटी से बातचीत करने और उसे परेशान करने से मना किया। इस बात से आरोपी आवेश में आ गया और उसने घर में रखे टांगिया से धनमनी बाई के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसे 5 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, आस्ता थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन यादव, सउनि अमितलाल टोप्पो, प्र.आर. बलथाजर तिग्गा, प्र.आर. कोसमोस बड़ा, मआर. पूनम तिर्की, आर. दीपक भगत, आर. अर्जुन तिग्गा, आर. अनिल भगत, आर. सुरेश कुमार, आर. अनंत भगत, डीएसएफ आर. सुमन टोप्पो और आर. बिमलेश्वर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी ने कहा- 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी जब्त किया गया है। मामले में आगे की विवेचना और कानूनी कार्रवाई जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS