CBN36 दुर्ग। धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी के पास धारदार हथियार लेकर आम लोगों को डराने वाले युवक को मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को हथियार समेत पकड़ा। उसके कब्जे से लोहे का धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, चार सितंबर को सूचना मिली थी कि धमधा रोड सब्जी मंडी के पास एक युवक धारदार हथियार लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मोहन नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का एक धारदार हथियार मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 500 रुपये बताई गई है। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी आशिष यादव उर्फ आशु (26), निवासी लुचकी पारा वार्ड क्रमांक-7, थाना दुर्ग, के खिलाफ अपराध क्रमांक 624/2026 दर्ज किया। उसके विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में मोहन नगर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूमने वालों पर होगी कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने या किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करेगी।
प्रधान संपादक




