
त्योहार में गुंडागर्दी पर शशि मोहन सिंह सख्त, युवक पर जानलेवा हमले के आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धाराएं
CBN36 रायगढ़, 2 सितंबर। त्योहार के बीच शहर की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त रुख अपना लिया है। एक दिन पहले ही पुलिस ने शहर के बदमाशों को थाने बुलाकर अपराध और विवाद से दूर रहने की समझाइश दी थी। इसके अगले ही दिन पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू-डंडे से जानलेवा हमला करने वाले छह आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों से चाकू, लोहे का पंच, पत्थर और साइकिल की चैन बरामद हुई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में त्योहार के मद्देनजर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। 1 सितंबर को थाना चक्रधरनगर परिसर में शहर के बदमाशों की क्लास लगाकर उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि किसी भी तरह के विवाद और अपराध से दूर रहें। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं सीएसपी राहुल उईके की मौजूदगी में दी गई इस समझाइश के बाद कोतवाली क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
रास्ते में घेरकर युवक पर हमला
मामला बापूनगर का है। 30 अगस्त की रात करीब 1.30 बजे सुषमा दीप ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका बेटा पालेश्वर दीप गुटखा लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था। हनुमान मंदिर के पास पुरानी रंजिश को लेकर कृष्णा डोगरे और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे और चाकू से हमला कर दिया।
हमले में पालेश्वर के सिर, माथे, पेट और दाहिने हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 477/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
फरार हुए तो पुलिस ने ठिकानों पर दी दबिश
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस को पता चला कि युवक पर हमला गंभीर प्रकृति का था और उसकी जान लेने की नीयत से वार किया गया था। इसके बाद मामले में हत्या के प्रयास और बलवा की गंभीर धाराएं 109(1), 190, 191(2) एवं 191(3) बीएनएस जोड़ी गईं।
किससे क्या बरामद हुआ
पुलिस पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर हथियार बरामद किए गए। सेवक साण्डे से स्टील का चाकू, देवेन्द्र कन्द्र से लोहे का पंच, सोहन साण्डे से पत्थर का टुकड़ा और अलिस साण्डे से पुरानी साइकिल की चैन बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में कृणामुखी उर्फ गिदुमुखी (19), सेवक साण्डे (23), देवेन्द्र कन्द्र (24), सोहन साण्डे (20), सादिन महानंद (20) और अलिस साण्डे (21) सभी निवासी बापूनगर रायगढ़ शामिल हैं। सभी को 2 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी का संदेश साफ-शहर में दहशत की छूट नहीं
त्योहार के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को बदमाशों के लिए साफ संदेश माना जा रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपराधियों के खिलाफ समझाइश के साथ सख्त कार्रवाई की रणनीति अपनाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति भंग करने, आपसी रंजिश में हिंसा करने या दहशत फैलाने वालों के खिलाफ इसी तरह त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं सीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा एवं कीर्ति राजपूत की अहम भूमिका रही।
प्रधान संपादक




