Explore

Search

September 2, 2026 7:04 pm

फर्जी दस्तावेजों से आदिवासी-सरकारी जमीन का खेल, फरार पटवारी गिरफ्तार

कापू में दो मामलों में थी तलाश, पंडो जनजाति की जमीन दूसरे के नाम कराने और सरकारी जमीन का फर्जी पट्टा बनाने का आरोप

CBN36 रायगढ़। कापू क्षेत्र में आदिवासी और सरकारी जमीन के फर्जी अंतरण के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तत्कालीन पटवारी राकेश कुमार साय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किया है। दोनों मामलों में अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने यह कार्रवाई ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि राकेश साय ग्राम गनपतपुर में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पंडो जनजाति की जमीन का फर्जी अंतरण

पहला मामला ग्राम डुमरनारा की खसरा नंबर 409 की जमीन से जुड़ा है। जांच में पता चला कि जमीन पहले पंडो जनजाति के सदस्यों के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज थी। वर्ष 2023-24 में बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के जमीन को सुखन पिता बजरंग, जाति रावत के नाम दर्ज किया गया। इसके बाद 21 फरवरी 2024 को जमीन का संतोष देवी गुप्ता, निवासी रायपुर के नाम विक्रय कर दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि विक्रेता के तौर पर प्रस्तुत व्यक्ति का वास्तविक नाम सुखन राठिया पिता धनाराम, जाति कंवर है। दस्तावेजों में फर्जी आधार कार्ड के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार तत्कालीन पटवारी राकेश साय ने जमीन के विक्रय के लिए चौहद्दी उपलब्ध कराई थी।

तहसीलदार कापू की रिपोर्ट पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 108/2026 दर्ज किया गया है। इसमें धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 120(बी) भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

सरकारी जमीन का फर्जी पट्टा तैयार करने का आरोप

दूसरा मामला ग्राम पंचायत रायमेर की सरकारी जमीन से जुड़ा है। खसरा नंबर 467/23, 467/25 और 467/36 की जमीन को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर निजी लोगों के नाम दर्ज कराने और फर्जी पट्टा तैयार करने की बात जांच में सामने आई। इसके बाद दलालों के माध्यम से जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने का आरोप है।

इस मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय, कैलाश कुमार जेठवानी, विक्रेता उजितराम और अन्य लोगों की भूमिका जांच के दायरे में है। थाना कापू में अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) भादवि में मामला दर्ज किया गया है।

लैपटॉप-प्रिंटर से खुलेंगे कई राज

गिरफ्तार पटवारी के पास से मिले लैपटॉप और प्रिंटर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल फर्जी दस्तावेज और पट्टे तैयार करने में किया गया था या नहीं। दोनों मामलों में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में हुई। गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की सहित पुलिस टीम के सदस्यों की अहम भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS