Explore

Search

September 2, 2026 7:05 pm

बैठक में शांति का संकल्प, अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश- 3 सितंबर को सड़कों पर दिखेगा एकता का संदेश ,निकलेगा सद्भाव मार्च,शांति समिति ने सभी समाजों से की शामिल होने की अपील

“कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा शांति और भाईचारा बिलासपुर की पहचान – अफवाहों से बचें”

“एसएसपी रजनेश सिंह बोले- शांति लौटी, इसे बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी,त्योहारों में अनुशासन सर्वोपरि,नेहरू चौक से गांधी चौक तक होगा मार्च”

CBN36 बिलासपुर, 2 सितंबर। हालिया घटनाक्रम के बाद बिलासपुर में शांति और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए शहर एकजुट होता नजर आया। बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में हुई शांति समिति की बैठक में विभिन्न समाजों, समुदायों, संगठनों और नागरिकों ने मिलकर शांति व्यवस्था कायम रखने का संकल्प लिया। बैठक में तय किया गया कि 3 सितंबर को शहर में शांति मार्च निकाला जाएगा। नेहरू चौक से शाम 4 बजे शुरू होने वाला यह मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचेगा। समिति ने सभी समाज और समुदाय के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने की अपील की है।

शांति और भाईचारा बिलासपुर की पहचान : कलेक्टर संजय अग्रवाल 

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे से रही है। मौजूदा परिस्थितियों में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे संयम बनाए रखें और शहर के शांतिपूर्ण माहौल को और मजबूत करने में प्रशासन का सहयोग करें।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से मिलने वाली अपुष्ट जानकारी को आगे प्रसारित करने से भी बचें। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन पूरी तरह सजग है।

शांति लौटी, इसे बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी : एसएसपी रजनेश सिंह 

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में अब शांति लौट आई है और स्थिति सामान्य है। इस स्थिति को सामान्य बनाए रखने में शहरवासियों और मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार जताया।

एसएसपी सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होने वाला है। शहर में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजन होंगे। ऐसे में आयोजकों और नागरिकों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी आयोजन में नशे की हालत में या हथियार लेकर आने वाले व्यक्ति को शामिल न किया जाए। आयोजक भी इस मामले में विशेष सतर्कता बरतें और आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखें।

अफवाह नहीं, पुलिस को सूचना दें

एसएसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, संयम और भाईचारे से ही शहर की शांति को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सकता है।

बैठक में शांति का संकल्प, अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश- 3 सितंबर को सड़कों पर दिखेगा एकता का संदेश

शांति समिति के निर्णय के मुताबिक 3 सितंबर को शाम चार बजे नेहरू चौक से शांति मार्च शुरू होगा। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मार्च गांधी चौक पहुंचेगा। समिति ने अपील की है कि इसमें समाज के हर वर्ग, समुदाय, संगठन और नागरिक शामिल हों, ताकि बिलासपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की तस्वीर पूरे शहर के सामने रखी जा सके।

बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सदस्यों ने हालिया परिस्थितियों को बेहतर ढंग से संभालने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू सहित शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समाजों एवं संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS