Explore

Search

September 2, 2026 3:27 am

एसएसपी भोजराम पटेल की मॉनिटरिंग में नवलपुर दोहरा हत्याकांड का खुलासा, भाई ने ही भाई और भाभी को उतारा मौत के घाट

जमीन विवाद में दंपति की हत्या का खुलासा, आरोपी नंदु कश्यप गिरफ्तार-हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुदरी बरामद

CBN36 मुंगेली, 1 सितंबर 2026। ग्राम नवलपुर में दंपति की हत्या के मामले का मुंगेली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर लोरमी पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम ने मामले की बारीकी से जांच करते हुए मृतक नंदकुमार कश्यप और उसकी पत्नी गौरीबाई कश्यप की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद और रंजिश के चलते मृतक का सगा भाई नंदु कश्यप ही दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी निकला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और प्रत्येक पहलू की गहन जांच के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक लोरमी श्रीमती माधुरी धिरही और उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना लोरमी एवं साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई।

संदिग्ध मौत से शुरू हुई जांच, पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि

25 अगस्त को मृतक के बेटे मोहन कश्यप ने पुलिस को सूचना दी कि उसके माता-पिता से कई दिनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। 24 अगस्त को परिजन नवलपुर पहुंचे तो मकान के बाहर ताला लगा मिला और अंदर से दुर्गंध आ रही थी। ताला तोड़कर अंदर जाने पर नंदकुमार कश्यप और गौरीबाई कश्यप अलग-अलग बिस्तरों पर मृत मिले।

प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। बिलासपुर सिम्स में कराए गए पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में दोनों की मौत हत्या से होना पाए जाने के बाद थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने जमीन विवाद को बनाया जांच का अहम बिंदु

विशेष टीम ने मृतक के पारिवारिक और सामाजिक संबंधों की जानकारी जुटाई। गांव के लोगों, पड़ोसियों और संभावित संदेहियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को मृतक नंदकुमार और उसके भाई नंदु कश्यप के बीच पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद और रंजिश की जानकारी मिली।

जांच में सामने आया कि करीब आठ एकड़ पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद था। माता-पिता की देखरेख के एवज में करीब 50 डिसमिल जमीन नंदु को मिलने की बात थी, लेकिन नंदकुमार द्वारा उसमें हिस्सा मांगे जाने से दोनों भाइयों के बीच विवाद और गहरा गया था।

हत्या से दो दिन पहले भी हुआ था विवाद

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 16 अगस्त को खेत में खाद-पानी को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसके अगले दिन 17 अगस्त की रात नंदु कश्यप अपने भाई नंदकुमार के घर पहुंचा था और दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान नंदकुमार का साला केदार कश्यप वहां पहुंच गया, जिसके बाद नंदु वापस चला गया।पुलिस के अनुसार, इसी घटनाक्रम के बाद नंदु अपने भाई के प्रति और अधिक आक्रोशित हो गया।

रात में घर में घुसा, पहले भाई फिर भाभी की हत्या

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्वीकार किया कि 19 अगस्त की दरम्यानी रात वह अपने भाई की हत्या के इरादे से लोहे की कुदरी लेकर उसके घर पहुंचा। पड़ोसी की बाड़ी की ओर से मकान की बाउंड्री पार कर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और सीढ़ियों से नीचे उतरा।

उस समय नंदकुमार और उसकी पत्नी गौरीबाई बरामदे में अलग-अलग स्थान पर सो रहे थे। आरोपी ने पहले नंदकुमार के सिर पर लोहे की कुदरी से हमला किया। आवाज सुनकर गौरीबाई जाग गईं और उन्होंने आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने उन पर भी कुदरी से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर के कमरे और अलमारी खोल दिए। उसने अपने हाथ-पैर और हत्या में प्रयुक्त कुदरी को पानी से धोया तथा मकान में बाहर से ताला लगाकर चला गया। बाद में घटना में प्रयुक्त कुदरी को ट्यूबवेल में छिपा दिया।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कुदरी बरामद

पुलिस पूछताछ में आरोपी नंदु कश्यप, पिता स्व. श्यामजी, उम्र 46 वर्ष, निवासी नवलपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली ने जमीन विवाद को लेकर हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर ट्यूबवेल में छिपाकर रखी गई घटना में प्रयुक्त लोहे की कुदरी बरामद कर ली गई।पुलिस ने आरोपी को 1 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित थाना लोरमी और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS