
एकेडमी से 4.97 लाख नकद और शिक्षिका के क्वार्टर से 16.50 लाख का माल बरामद, सीसीटीवी-तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने दबोचा
रायपुर। राजधानी में चोरी की दो बड़ी वारदातों का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उरला में व्हीआर एजुकेशन एकेडमी का ताला तोड़कर 4.97 लाख रुपये नकद चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने ट्रेन से उज्जैन भागने के दौरान बैतूल में हिरासत में लिया। वहीं, खमतराई की डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिका के सूने क्वार्टर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले दो आरोपियों को नॉर्थ जोन और क्राइम टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में पुलिस ने सोने के 109 ग्राम जेवर, चांदी का हार, नकदी, बाइक और एक्टिवा समेत करीब 21.47 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
ट्रेन से उज्जैन भाग रहे थे, बैतूल में पकड़े गए
उरला थाना क्षेत्र के बीरगांव कैलाश नगर स्थित व्हीआर एजुकेशन एकेडमी में 31 अगस्त की रात 12:06 से 12:48 बजे के बीच आरोपियों ने ताला तोड़कर आलमारी के लॉकर में रखी नकदी चोरी कर ली। संचालक प्रगति वर्मा की रिपोर्ट पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 409/26, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। डीसीपी नॉर्थ श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एडीसीपी आदित्य पाण्डेय, एसीपी पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी उरला रोहित मालेकर की टीम ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि आरोपी वारदात के बाद ट्रेन से उज्जैन की ओर भागे हैं। पुलिस ने आरपीएफ भिलाई और बैतूल से समन्वय किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को बैतूल में हिरासत में लेकर रायपुर लाया गया। पूछताछ में चोरी स्वीकार करने के बाद उनके कब्जे से 4,97,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी: चित्रांश सेन, पिता कृष्णा सेन, उम्र 18 वर्ष, निवासी धनीराम फिल्ड कंपनी, यातायात के पास, थाना खमतराई, रायपुर और फिरोज साहू, पिता संतोष साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी कैलाश नगर, बीरगांव, शिव मंदिर के पास, थाना उरला, रायपुर। पुलिस के अनुसार चित्रांश के खिलाफ 2022 में खमतराई थाने में मारपीट और मोटरसाइकिल चोरी के दो अपराध दर्ज हैं।
पहले बाइक से रेकी, फिर एक्टिवा से पहुंचे
खमतराई थाना क्षेत्र की डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के कर्मचारी क्वार्टर क्रमांक 3/5 में 31 अगस्त को चोरी हुई। शिक्षिका यशवंती साहू करीब 11:40 बजे स्कूल चली गई थीं। उनकी बेटी ने भी करीब 12:05 बजे क्वार्टर में ताला लगाया और बाहर चली गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले बाइक से इलाके की रेकी की। दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके बाद एक्टिवा से फरार हो गए। करीब 3:25 बजे बेटी वापस लौटी तो चोरी का पता चला।
109 ग्राम सोना समेत 16.50 लाख का माल जब्त
नॉर्थ जोन और क्राइम टीम ने मौके के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने 20 ग्राम का रानी हार, 20 ग्राम का मंगलसूत्र, 30 ग्राम का कंगन, 30 ग्राम की गले की माला और 9 ग्राम के कान के लटकन समेत करीब 109 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा सोने की पॉलिश वाला चांदी का हार, 10 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त बाइक और एक्टिवा जब्त की गई है। सोने के जेवरों की अनुमानित कीमत 16.35 लाख रुपये और चांदी के हार व नकदी सहित कुल बरामद चोरी के सामान की कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी: सारिक खान, पिता मोहम्मद सलीम, उम्र 32 वर्ष, निवासी नयापारा, मूल निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग और मो. तौसीफ, पिता मो. कासिम, उम्र 29 वर्ष, निवासी चूना भट्टी, थाना गंज, मूल निवासी तकियापारा, दुर्ग। दोनों के खिलाफ पूर्व में दुर्ग जिले में चोरी के अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से घर और संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे उचित स्थान पर लगाने, सुरक्षा गार्ड द्वारा आने-जाने वालों की पहचान और वाहन नंबर दर्ज करने तथा कामगारों और नौकरों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने की अपील की है। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल 112, पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को सूचना देने कहा गया है।
प्रधान संपादक




