Explore

Search

August 31, 2026 8:07 pm

38 साल की सेवा के बाद नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल सेवानिवृत्त, आईजी ने ससम्मान दी विदाई

CBN36 बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में सोमवार को नगर सैनिक क्रमांक 245 व्यासनारायण जायसवाल की सेवानिवृत्ति पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। करीब 38 वर्षों के अनुशासित, निष्ठावान और समर्पित सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त हुए जायसवाल को आईजी राम गोपाल गर्ग और कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी।

समारोह में आईजी राम गोपाल गर्ग ने नगर सैनिक जायसवाल की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2002 से लगातार पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर में अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन किया। उनके अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और समर्पण को अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी बताया।

आईजी ने सेवानिवृत्त नगर सैनिक को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके आगामी जीवन के लिए सुखद, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

ओडिशा की आपदा में निभाई अहम भूमिका

नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 1987-88 में पुलिस विभाग/नगर सेना में सेवा शुरू की थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने होमगार्ड लाइन के अलावा थाना तोरवा, बांगो, पामगढ़, उरगा, पाली सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं। वर्ष 2002 से वे लगातार बिलासपुर रेंज आईजी कार्यालय में पदस्थ रहे।

अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। ओडिशा के भुवनेश्वर में आए विनाशकारी चक्रवात और भीषण बाढ़ के दौरान वे बचाव दल के सदस्य के रूप में शामिल रहे और साहस के साथ राहत एवं बचाव कार्य में योगदान दिया। वहीं मध्यप्रदेश के गुना जिले में चुनावी व्यवस्था एवं सुरक्षा ड्यूटी में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई।

विदाई के दौरान भावुक हुए जायसवाल

विदाई समारोह के दौरान नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल भावुक नजर आए। उन्होंने आईजी सहित सभी अधिकारियों और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग और सम्मान को वे हमेशा याद रखेंगे।

समारोह के समापन के बाद आईजी राम गोपाल गर्ग ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया और शुभकामनाएं देते हुए विशेष रूप से सुसज्जित वाहन से उन्हें ससम्मान उनके गृह निवास के लिए रवाना किया। इस दौरान कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।कार्यक्रम का संचालन शंकर कश्यप ने किया। समारोह में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS