“गणेश नगर से तिफरा तक चला पुलिस का सरप्राइज चेकिंग अभियान, 40-50 संदिग्धों की ली तलाशी; आर्म्स एक्ट में छह गिरफ्तार, गंभीर चोट के मामले का फरार आरोपी भी दबोचा”
CBN36 बिलासपुर। शहर में चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने सिरगिट्टी पुलिस ने रात में अचानक मोर्चा संभाला। पुलिस ने थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा और तिफरा में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की अचानक कार्रवाई से बदमाशों और संदिग्धों में हड़कंप मच गया। करीब 40-50 संदिग्ध व्यक्तियों और गुंडा बदमाशों की जांच की गई। इस दौरान छह आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और पांच धारदार चाकू बरामद हुए। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
हथियार लेकर घूम रहे थे, पुलिस ने दबोचा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में अपराधियों और चाकूबाजी करने वालों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम रात में अलग-अलग इलाकों में पहुंची।
पुलिस ने नशाखोरी और अपराध की आशंका वाले स्थानों पर संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली। जांच के दौरान विकास सिंह, प्रमोद कुर्मी, अनिकेत नेताम, लक्की नेताम, राम नायक और रोहित तांडी के कब्जे से धारदार हथियार बरामद किए गए। हथियारों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।
चेकिंग के बीच हाथ आया फरार आरोपी
पुलिस के इस अभियान के दौरान एक और बड़ी सफलता हाथ लगी। गंभीर चोट के मामले में फरार चल रहे आरोपी रोहित धुरी (36), निवासी बन्नाकडीह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे पकड़कर थाने लाई और संबंधित प्रकरण में आगे की कार्रवाई की।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
सिरगिट्टी पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में गुंडा बदमाशों, चाकूबाजों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील इलाकों में अचानक चेकिंग और अपराधियों की धरपकड़ का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गिरफ्तार आरोपियो में विकास सिंह (32), प्रमोद कुर्मी (26), अनिकेत नेताम (24), लक्की नेताम (22), राम नायक (18) और रोहित तांडी (34) एवं एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी की गई है जिसका नाम रोहित धुरी (36), निवासी बन्नाकडीह है ।
प्रधान संपादक




