
हिंदी विश्वविद्यालय में दौड़ का आयोजन, ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ का दिया संदेश
CBN36 वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम के तहत रविवार को दौड़ का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने किया।
‘ब्रिक्स संडे ऑन साइकिल’ के अंतर्गत आयोजित दौड़ सुबह 7:30 बजे फादर कामिल बुल्के अंतरराष्ट्रीय छात्रावास से सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास तक हुई। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी एवं एनएसएस स्वयंसेवक तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

महिला वर्ग में हिंदी साहित्य विभाग की रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिक्षा विभाग की पूनम कुमारी द्वितीय तथा शिखा यादव तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में विधि विभाग के ब्रिजेश यादव ने प्रथम, प्रभात कुमार ने द्वितीय तथा सोनू कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली आगामी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों ने ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कुलसचिव कादर नवाज खान, विद्यार्थी कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अवधेश कुमार, एनएसएस संयोजक डॉ. बालाजी चिरडे, खेल समिति के पदेन सचिव डॉ. निशीथ राय, लीला प्रभारी डॉ. अंजनी राय, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विधु खरे दास, जनसंपर्क अधिकारी बी. एस. मिरगे सहित कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




