03 आरोपी गिरफ्तार, 03 मोटरसाइकिल और किराना सामान सहित करीब 1.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद
CBN36 मुंगेली, 30 अगस्त 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत लोरमी पुलिस ने चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन प्रकरणों का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिल तथा किराना दुकान से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, लोरमी के डोगरीपारा निवासी विक्की साहू की टीवीएस अपाचे आरटीआर मोटरसाइकिल तथा इरफान बेग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल 27 अगस्त की रात चोरी हो गई थी। दोनों मामलों में 29 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। वहीं बाजारपारा लोरमी स्थित किराना दुकान में 13 अगस्त को हुई चोरी के मामले में भी पुलिस ने जांच तेज की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। छत्तीसगढ़ पुलिस के “त्रिनयन ऐप” की मदद से घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने मोहम्मद रफीक निवासी देवारपारा लोरमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में रफीक ने अपने साथी धनीराम मार्को निवासी दुल्लापुर, थाना चिल्फी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से टीवीएस अपाचे आरटीआर क्रमांक CG 10 BY 2523, पैशन प्रो क्रमांक CG 10 AQ 9748 तथा एक बिना नंबर की होंडा एक्स-ब्लेड मोटरसाइकिल बरामद की। होंडा एक्स-ब्लेड मोटरसाइकिल के संबंध में थाना कोटा क्षेत्र से चोरी करना भी सामने आया है।
इसी तरह बाजारपारा स्थित किराना दुकान में हुई चोरी के मामले में भी “त्रिनयन ऐप” के जरिए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। फुटेज के आधार पर अमर देवार निवासी देवारपारा लोरमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से तेल का टीन, जिसमें करीब 2 लीटर तेल तथा 300 रुपये नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना लोरमी में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मामलों में महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव सहित प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, लिलक साहू तथा आरक्षक राजू साहू, रेखराम नेताम, हेमसिंह ध्रुव, ईश्वर मरावी, सुशांत पाण्डेय, युगल किशोर, सै. कुलदीप सिंह और दिलीप राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक




