CBN36 रायगढ़, 30 अगस्त 2026। कोतरारोड थाना क्षेत्र में सड़क पर पानी के छींटे पड़ने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। रिलायंस मार्ट के सामने एक व्यक्ति ने पिस्टलनुमा हथियार से युवक को निशाना बनाकर दो बार फायर किया। युवक नीचे बैठ गया, जिससे वह फायरिंग की चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया।
प्रार्थी खुशहाल अग्रवाल (26), निवासी रामबाग कोतरारोड, ने पुलिस को बताया कि वह कोतरारोड में पोहेवाला कैफे संचालित करता है। 29 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे वह पैदल कोल्ड ड्रिंक लेने निकला था। रिलायंस मार्ट के सामने मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BC 6711 से जा रहे व्यक्ति ने उस पर सड़क का पानी छिटका दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई।
आरोप है कि वाहन चालक वापस आया और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने हाथापाई की और पिस्टलनुमा हथियार निकालकर खुशहाल के सिर की ओर दो बार फायर किया। खुशहाल के नीचे बैठ जाने से वह गोली/छर्रे की चपेट में आने से बच गया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
जांच में एयरगन पिस्टल निकला हथियार
घटना के बाद पुलिस ने मौके से बरामद पिस्टलनुमा हथियार को आर्म्स एक्सपर्ट से जांच कराया। परीक्षण में हथियार एयरगन पिस्टल पाया गया। इसमें सामान्य गोली के स्थान पर छर्रे का इस्तेमाल होता है। पुलिस के अनुसार इस प्रकार की एयरगन/एयर पिस्टल सामान्य उपयोग में लाइसेंस के दायरे में नहीं आती, लेकिन इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने या आपराधिक कृत्य में किए जाने पर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
मोटरसाइकिल से हुई आरोपी की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल, मोटरसाइकिल के दस्तावेज और गवाहों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान हर्षवरन सिंह गोतरा (44), पिता सुरेन्द्र मोहन सिंह, निवासी जालंधर, पंजाब, वर्तमान पता ग्राम तेंदूडिपा, कलमी, रायगढ़ के रूप में की है। आरोपी घटना के बाद से फरार है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि एयरगन का सामान्य उपयोग लाइसेंस के दायरे में न आता हो, लेकिन यदि इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने, भय उत्पन्न करने, मारपीट करने या किसी आपराधिक कृत्य में किया जाता है, तो पुलिस संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी।
प्रधान संपादक




