CBN36 रायपुर। स्पा सेंटरों में नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध गतिविधियों पर रायपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। 29 अगस्त को शहर के 30 स्पा सेंटरों में एक साथ जांच के बाद नॉर्थ जोन पुलिस ने पंडरी थाना क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों को सील करा दिया। दोनों सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के साथ लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जाना पाया गया।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों की जांच के लिए 15 टीमें गठित की गई थीं। राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने सेंटरों की जांच की। इस दौरान दस्तावेज, कर्मचारियों की जानकारी, ग्राहक व स्टाफ रजिस्टर, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग समेत अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई।
इसी जांच के आधार पर रविवार को नॉर्थ जोन पुलिस ने पंडरी थाना क्षेत्र में कार्रवाई की। उषा प्राइड, मोवा स्थित रिफ्लेक्शन स्पा और अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने तथा लाइसेंस की शर्तों का पालन नहीं किए जाने पर नगर निगम की टीम ने दोनों सेंटरों का पंचनामा तैयार कर उन्हें विधिवत सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पंडरी थाना पुलिस मौजूद रही।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे के निर्देशन तथा एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में की गई।
नियमों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई

रायपुर पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को गुमास्ता और ट्रेड लाइसेंस की शर्तों का पालन करने की हिदायत दी है। सेंटरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और फुटेज सुरक्षित रखने, ग्राहकों का विधिवत रजिस्टर संधारित करने, उनकी आईडी लेना और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान नियमों के विपरीत कोई संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक वस्तु मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक




