नशामुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी
CBN36 रायपुर, 30 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर की निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी सुनी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ महज रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देशवासियों से आत्मीय संवाद है। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों और समाजहित में किए जा रहे प्रेरक कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हर महीने के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम का देशवासियों को इंतजार रहता है। प्रधानमंत्री ऐसे लोगों और प्रयासों का उल्लेख करते हैं, जिनकी जानकारी आमतौर पर देश के बड़े हिस्से तक नहीं पहुंच पाती। इससे अच्छा काम करने वालों का उत्साह बढ़ता है और लाखों लोगों को प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि देश के दूरदराज गांवों और छोटे क्षेत्रों में अनेक लोग बिना किसी प्रचार और स्वार्थ के समाज व राष्ट्रहित में काम कर रहे हैं। कोई पर्यावरण संरक्षण में जुटा है तो कोई स्वच्छता और स्थानीय संसाधनों से नवाचार के जरिए बदलाव ला रहा है। ‘मन की बात’ ऐसे सामान्य लोगों के असाधारण कार्यों को देश के सामने लाने का माध्यम बनी है।
नशामुक्त युवा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज इसकी चपेट में आता है। स्वस्थ और ऊर्जावान युवा पीढ़ी ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
हर घर तिरंगा में दिखा राष्ट्रप्रेम
सीएम साय ने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति देशवासियों के उत्साह का भी उल्लेख किया। अभियान के तहत आठ करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड की। यह आंकड़ा राष्ट्रध्वज के प्रति लोगों के सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।
पीएम स्वनिधि से महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के जरिए रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला परिवार के साथ समाज और देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
स्वच्छता को बनाना होगा जनआंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता में स्थायी बदलाव तभी संभव है, जब यह सरकारी अभियान तक सीमित न रहकर हर नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बने। लोगों के सामूहिक प्रयास से गांव, शहर और आसपास का वातावरण स्वच्छ होने के साथ क्षेत्र की पहचान और जीवन की गुणवत्ता भी बेहतर होती है।
अंतरिक्ष विज्ञान में बेटियों की उड़ान, महिमा पर प्रदेश को गर्व
सीएम साय ने कहा कि भारत की बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया, जिसके जरिए भारत सहित विभिन्न देशों की छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक समझने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का इस मुहिम का हिस्सा बनना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने महिमा को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का जिक्र गौरव की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में छत्तीसगढ़ के प्रयासों और उपलब्धियों का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक से लेकर मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण के संरक्षण तक, प्रदेश की विशिष्टताओं को राष्ट्रीय मंच मिला है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के नवाचार, संस्कृति, विरासत और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलना प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है। इससे प्रदेश में हो रहे अच्छे कार्यों को देशभर में पहचान मिलने के साथ लोगों का उत्साह भी बढ़ता है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा समेत संतजन, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
प्रधान संपादक




