ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कापू पुलिस की कार्रवाई, गांव लौटने की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा
CBN36 रायगढ़। पत्नी की हत्या के बाद करीब चार माह से फरार चल रहे आरोपी को कापू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद तमिलनाडु में छिपकर रह रहा था। उसके गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और डंडा भी बरामद किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कापू पुलिस को यह सफलता मिली है। एसएसपी ने कहा कि अपराध के बाद फरार होकर छिपने वाले आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
शराब के नशे में पत्नी से हुआ विवाद
एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, थाना कापू क्षेत्र के गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा निवासी ननकी बाई पहाड़ी कोरवा (30) की तीन जून को मौत हो गई थी। घटना के संबंध में चार जून को मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतिका के पिता जीतन राम पहाड़ी कोरवा समेत प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान लिए गए।
जांच में सामने आया कि मृतिका का पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा (29) उसे मारपीट करते हुए इंचपारा से गुड़ाआमा की ओर ले जा रहा था। गाड़ा घुटरा के जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्के, डंडे और पत्थर से मारपीट की। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
मृतिका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी कापू भेजा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु को हॉमिसाइडल यानी हत्यात्मक प्रकृति का बताया। इसके बाद मर्ग जांच में आरोपी के खिलाफ अपराध पाए जाने पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 88/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
चार माह से तमिलनाडु में काट रहा था फरारी
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था। पुलिस को उसके तमिलनाडु में छिपे होने की जानकारी मिल रही थी। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बोला- घर चलने की बात पर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी के साथ चावल खरीदने ग्राम घोघरा बाजार गया था। रास्ते में दोनों ने शराब पी थी। घर लौटते समय गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास उसकी पत्नी नशे की हालत में रास्ते में सो गई।
घर चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी के अनुसार विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की और लकड़ी के डंडे से भी हमला किया। इसके बाद पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तारी के डर से बंद कर दिया था मोबाइल
आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से वह तमिलनाडु भाग गया था। पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। आरोपी के पास आधार कार्ड भी नहीं होने की बात पुलिस ने बताई है।
घटनास्थल पर कराया गया घटनाक्रम का पुनर्निर्माण
पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और उसके बताए अनुसार घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और डंडा बरामद कर जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, चौकी प्रभारी इगेश्वर यादव (तत्कालीन थाना प्रभारी कापू), प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी, लक्ष्मी कैवर तथा आरक्षक कन्हैया भगत, संजीव पटेल, अमरदीप एक्का, विभूति सिंह और दिलीप तिर्की की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी: कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा पिता धनयुराम पहाड़ी, उम्र 29 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा, थाना कापू, जिला रायगढ़।
प्रधान संपादक




