Explore

Search

August 29, 2026 9:40 pm

हिंदी विश्वविद्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने मेजर ध्यानचंद को किया नमन, ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान का शुभारंभ

CBN36 वर्धा, 29 अगस्त 2026। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने खेलों को स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारत सरकार के ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम आधारित राष्ट्रीय अभियान का भी शुभारंभ किया गया। यह अभियान ‘ट्रीब्यूट’, ‘प्ले’ और ‘मूव’ तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है। इसका उद्देश्य खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नागरिकों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के तहत ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 8 बजे दूर शिक्षा निदेशालय स्थित बैडमिंटन कोर्ट में इंट्रा म्यूरल खेल प्रतियोगिता 2026-27 का उद्घाटन किया गया। इस दौरान मैत्री बैडमिंटन मैच का आयोजन हुआ, जिसमें शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में कुलसचिव कादर नवाज खान, विद्यार्थी कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अवधेश कुमार, क्रीड़ा समिति के पदेन सचिव डॉ. निशीथ राय सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय खेल दिवस अभियान के तहत रविवार, 30 अगस्त को ‘ब्रिक्स संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रातः 7:30 बजे फादर कामिल बुल्के अंतरराष्ट्रीय छात्रावास से सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास तक दौड़ आयोजित होगी। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी एवं एनएसएस स्वयंसेवक तथा विद्यार्थी सहभागिता करेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS