
“गांव पहुंची पुलिस टीम,अभिभावकों से भी सतर्क रहने की अपील,एसपी ने की जिलेवासियों से अपील”
CBN36 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बारिश के दौरान उफनती सोन नदी में पुल से छलांग लगाकर नहाने वाले बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। CBN 36 की खबर का संज्ञान लेते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने जीपीएम एसपी मनोज कुमार खिलारी से बात कर बच्चों और उनके अभिभावकों को समझाइश देने के निर्देश दिए।
मामला 24 अगस्त का बताया जा रहा है। ग्राम चिजगोहना स्थित सोन नदी के पुल से कुछ बच्चों के नदी में छलांग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। करीब 35 फीट से अधिक ऊंचाई वाले पुल से उफनती नदी में छलांग लगाने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया।
गांव पहुंची पुलिस टीम
आईजी रेंज गर्ग के निर्देश पर एसपी मनोज कुमार खिलारी ने सिवनी चौकी प्रभारी नवीन मिश्रा को पुलिस टीम के साथ ग्राम चिजगोहना पहुंचकर बच्चों और उनके अभिभावकों को समझाइश देने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर ग्राम सरपंच की मौजूदगी में वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चों और उनके माता-पिता से चर्चा की।
पुलिस ने बच्चों को समझाया कि बारिश के दौरान सोन नदी का बहाव बेहद तेज रहता है। ऐसे में पुल से नदी में छलांग लगाना जानलेवा साबित हो सकता है। बच्चों को भविष्य में इस तरह की जोखिमपूर्ण गतिविधि नहीं करने की हिदायत दी गई।
अभिभावकों से भी सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने बच्चों के अभिभावकों को भी उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने की समझाइश दी। उन्हें बच्चों को नदी, पुल और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर जाने से रोकने के लिए कहा गया।
ग्राम सरपंच और कोटवार को भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुल से किसी व्यक्ति को नदी में छलांग लगाते देखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया।
एसपी ने की जिलेवासियों से अपील
एसपी मनोज कुमार खिलारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो या मनोरंजन के लिए जान जोखिम में डालने वाली गतिविधियों का अनुकरण न करें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें नदी तथा अन्य खतरनाक स्थानों से दूर रखने की अपील की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
प्रधान संपादक




