Explore

Search

August 27, 2026 5:17 pm

रक्षाबंधन पर बहनों से संवाद: मुख्यमंत्री साय बोले- महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण समृद्ध छत्तीसगढ़ की आधारशिला

पंडरीपानी में बहनों ने मुख्यमंत्री को बांधी राखी, साय ने उपहार देकर जताया स्नेह

फरसाबहार और भेलवा में महतारी सदन बनाने की घोषणा, दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क के लिए 3.23 करोड़ मंजूर

महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता

CBN36 जशपुर। रक्षाबंधन के मौके पर बुधवार को फरसाबहार विकासखंड के पंडरीपानी में आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। क्षेत्र की महिलाओं ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों को उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि बहनों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के प्रति जिम्मेदारी दोहराने का अवसर भी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और परिवार व समाज के निर्णयों में उनकी भागीदारी मजबूत हो।

पंडरीपानी को 64 लाख के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने पंडरीपानी में करीब 64 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए बैठक, प्रशिक्षण और आजीविका गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने फरसाबहार और भेलवा ग्राम पंचायत में भी महतारी सदन बनाने की घोषणा की। वहीं मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति की जानकारी दी।

67 लाख से अधिक महिलाओं को मिली महतारी वंदन की किस्त

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन को देखते हुए प्रदेश की 67 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। सितंबर की राशि भी अग्रिम रूप से जारी की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके कौशल को रोजगार व आजीविका के अवसरों से जोड़ना है।

चार महिला समूहों को मिले 5.50 लाख रुपये

कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक सहायता के चेक दिए गए। मोंगरा स्व-सहायता समूह भगोरा, वैष्णवी स्व-सहायता समूह कंदईबहार और चांद स्व-सहायता समूह कंदईबहार को 1.50-1.50 लाख रुपये दिए गए। प्रतिज्ञा समूह बड़ा बस्ती को एक लाख रुपये की सहायता मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।

बेटियों के खाते और हितग्राहियों को पट्टे

सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिका मीनाक्षी यादव और श्रेया पैंकरा को खाता पासबुक दी गई। मुख्यमंत्री ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया।

स्वामित्व योजना के तहत पांच हितग्राहियों को पट्टे भी वितरित किए गए। इनमें ग्राम बोखी की हरावती, वानगांव की जगमनी, कोनपारा की राजमनी, भगोरा की लक्ष्मी और तेलाइन की सुमित्रा शामिल हैं।

सेवा सेतु पर 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन के तहत लोगों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान बनाई जा रही है। सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन के लिए अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी शुरू की गई है।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिलाओं के सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन को शासन की प्राथमिकता में रखा है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है और महतारी सदन के माध्यम से गांवों में महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण व अन्य गतिविधियों के लिए स्थान उपलब्ध हो रहा है।

उन्होंने पंडरीपानी में एसबीआई की शाखा शुरू होने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया। गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरे छत्तीसगढ़ की बहनों के ‘विष्णु भैया’ हैं।

कार्यक्रम में विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS