ड्यूटी के दौरान दिखाई सजगता, तत्काल सूचना देकर सुनिश्चित किया सुरक्षित रेल परिचालन
CBN36 बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। रेल परिचालन में संरक्षा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सजगता एवं बेहतर संरक्षा कार्य में सहभागिता निभाने वाले रेल कर्मचारियों का सम्मान महाप्रबंधक के द्वारा हर माह आयोजित संरक्षा बैठक के दौरान किया जाता है। इसी कड़ी में 25 अगस्त को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में कार्यरत संरक्षा कोटि के 9 कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय संरक्षा संबंधी कार्यों के लिए महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सम्मानित किया।
सम्मानित कर्मचारियों में कोरबा के लोको पायलट गुड्स धीरेंद्र कुमार द्विवेदी ने ड्यूटी पर जाते समय कोरबा यार्ड की लाइन नंबर-4 के पास रेल फ्रैक्चर की पहचान कर तत्काल अधिकारियों को सूचित किया। समय पर कार्रवाई से ट्रैक को संरक्षित कर रेल परिचालन सुचारु रखा गया।
उरगा के स्टेशन मास्टर शशिकांत कुमार सिंह ने मालगाड़ी से ऑल राइट सिग्नल एक्सचेंज करते समय इंजन से 15वें वैगन में ब्रेक बाइंडिंग की पहचान की और तत्काल अधिकारियों को सूचित किया। इससे गाड़ी का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित हुआ।
शहडोल के लोको पायलट गुड्स अविनाश कुमार ने मालगाड़ी में जामगा स्टेशन की ओर जाते समय भारी झटका महसूस होने पर गाड़ी रोककर ट्रैक का निरीक्षण किया। रेल सतह पर स्किड के निशान मिलने पर तत्काल अधिकारियों को सूचना दी गई।
बिलासपुर के तकनीशियन ग्रेड-1 संतोष कुमार सिंह ने प्लेटफार्म नंबर-3 से गुजर रही मालगाड़ी के रोलिंग-आउट निरीक्षण के दौरान 22वें वैगन की असामान्य स्थिति की पहचान की। समय पर कार्रवाई से वैगन को सुरक्षित रूप से रीरेल कर गाड़ी का पुनः संचालन सुनिश्चित किया गया।
तिल्दा के ट्रैक मेंटेनर-II तुलाराम डहरिया ने ड्यूटी के दौरान एसईजे टंग रेल में फ्रैक्चर की पहचान कर तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। कार्रवाई से ट्रैक को संरक्षित कर रेल परिचालन सुचारु रखा गया।
दाधापारा के स्टेशन मास्टर मनोज कुमार रजक ने ड्यूटी के दौरान रिले/बैटरी कक्ष में अग्नि अलार्म सक्रिय होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की। उनकी तत्परता और सूझबूझ से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर रेल परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
दुर्ग के वरिष्ठ तकनीशियन (यांत्रिक) भारत ने वंदे भारत ट्रेन संख्या 20829/30 के डेली शेड्यूल परीक्षण के दौरान पैंटोग्राफ कार्बन स्ट्रिप में बारीक दरार की पहचान कर अधिकारियों को सूचित किया। इससे ट्रेन का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित हुआ।
कन्हान के कनिष्ठ अभियंता/रेलपथ उदय कुमार ने टीडबल्यूएस/एसईजे नवीनीकरण कार्य की निगरानी के दौरान चाचेर स्टेशन से गुजर रही मालगाड़ी के एक वैगन के नीचे घिसटती एमएस बेस प्लेट की पहचान की। समय पर कार्रवाई से बेस प्लेट हटाकर गाड़ी का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।
नागपुर के वरिष्ठ सहायक लोको पायलट कुणाल तुलसीराम चितगीरे ने शिवनाथ एक्सप्रेस से ड्यूटी के दौरान समानांतर पटरी पर चल रही मालगाड़ी के एक वैगन की असामान्य स्थिति की पहचान की और की-टॉकी के माध्यम से अधिकारियों को तत्काल सूचना दी। इसके बाद संबंधित वैगन को अलग कर गाड़ी का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की ऐसी सजगता और कर्तव्यनिष्ठा अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी सम्मानित कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, प्रधान मुख्य इंजीनियर, अन्य विभागाध्यक्ष सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




