
तीन नए यातायात थानों को जल्द शुरू करने के निर्देश, हेलमेट, ITMS, ब्लैक स्पॉट और मवेशी नियंत्रण पर सख्ती
CBN36 बिलासपुर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क हादसों को लेकर पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने सोमवार को यातायात थाना बिलासपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हादसों में कमी लाने और शहर में ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यातायात थाना में हुई समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे ने शहर के प्रमुख चौराहों, ट्रैफिक जाम वाले हॉटस्पॉट और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की जानकारी दी। आईजी गर्ग ने इन स्थानों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सुधारात्मक कदमों को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने भी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
ITMS से लंबित चालानों की समीक्षा

आईजी ने एक जनवरी 2026 से अब तक ITMS के माध्यम से काटे गए चालानों और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने तकनीक का अधिक प्रभावी उपयोग कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
हेलमेट नहीं तो जागरूकता के साथ कार्रवाई
दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की मौत का प्रमुख कारण सिर में गंभीर चोट सामने आने पर आईजी ने जिलेभर में सघन हेलमेट जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट को जीवन रक्षा का जरूरी साधन बताते हुए SOP का सख्ती से पालन कराने को कहा।
4-E मॉडल से कम होंगे सड़क हादसे
सड़क दुर्घटनाओं में कमी के लिए 4-E रोड सेफ्टी मॉडल को प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया गया। इसमें ट्रैफिक इंजीनियरिंग, शिक्षा, प्रवर्तन और आपातकालीन सेवाओं को शामिल किया गया है।
नाबालिग वाहन चालकों पर विशेष नजर
स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, मॉल और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नाबालिग वाहन चालकों की विशेष चेकिंग के निर्देश दिए गए। आईजी ने जागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने को कहा।
हाईवे पर खड़े ट्रकों पर होगी कार्रवाई
हाईवे पर अवैध और खतरनाक तरीके से खड़े ट्रकों को लेकर भी आईजी ने सख्ती दिखाई। ऐसे वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि हादसों की आशंका कम की जा सके।
ब्लैक स्पॉट का फिर होगा रिव्यू
दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का दोबारा रिव्यू कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश यातायात प्रभारी को दिए गए। वहीं ट्रैफिक हॉटस्पॉट पर जाम की समस्या दूर करने के लिए भी कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
10 हजार से अधिक मवेशियों को पहनाए रेडियम बैंड
नेहरू चौक से हाईकोर्ट और भोजपुरी मार्ग तक मवेशी बाहुल्य ग्रे स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। यातायात प्रभारी के अनुसार 10 हजार से अधिक मवेशियों को रेडियम रिफ्लेक्टिव बैंड पहनाए गए हैं और 61 ‘Cattle on Road’ बोर्ड लगाए गए हैं। बेलमुंडी और रतनपुर में शेल्टर तथा 1033 और 1100 हेल्पलाइन भी संचालित है। आईजी ने मवेशियों के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए अभियान को और प्रभावी बनाने को कहा।
सरकंडा, तिफरा और लिंक रोड में जल्द शुरू होंगे यातायात थाने
शासन की अधिसूचना के तहत स्वीकृत तीन नए यातायात थानों सरकंडा, तिफरा और लिंक रोड बिलासपुर को जल्द शुरू करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के लिए व्यावहारिक ड्यूटी रोस्टर तैयार करने को कहा गया।
एसएसपी बोले- यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाएंगे

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि समीक्षा बैठक में मिले निर्देशों के आधार पर शहर की यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के पालन और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने अधिकारियों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा। समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, उप पुलिस अधीक्षक यातायात शिवचरण सिंह परिहार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




