Explore

Search

August 25, 2026 8:21 pm

हेमाबंद में पशु क्रूरता मामले में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पिता-पुत्र गिरफ्तार

126 पशुओं को गौशालाओं में भेजा, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया; पंचायत सचिव निलंबित

CBN36 बेमेतरा, 25 अगस्त। जिले की दाढ़ी तहसील के ग्राम हेमाबंद में आवारा और घुमंतू पशुओं को कथित तौर पर अनधिकृत रूप से बंधक बनाकर रखने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शिकायत की जांच में प्रथमदृष्टया मामला सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी दिलीप राय और उसके पुत्र संजय राय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, हेमाबंद निवासी दिलीप राय (55) और संजय राय (35) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 299, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क), 11(1)(ज) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शासकीय भूमि से हटाया अतिक्रमण

प्रशासन ने कार्रवाई को एफआईआर तक सीमित नहीं रखा। आरोपी के कब्जे में बताई जा रही शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई मंगलवार को पूरी कर ली गई। वहीं, मामले में उपयोग किए गए जब्त ट्रैक्टर के संबंध में राजसात की कार्रवाई भी पुलिस ने शुरू कर दी है।

126 पशुओं को गौशालाओं में भेजा

मौके से मिले 126 पशुओं का पशु चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद सभी पशुओं को वहां से हटाकर जिले की अन्य गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया गया। पशुओं के स्वास्थ्य और उपचार की निगरानी के लिए विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम को जिम्मेदारी दी गई है।

मृत पशुओं की मौत की होगी जांच

जांच के दौरान गांव की सरहद में कुछ मृत पशु भी मिले हैं। इनकी मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण हुई, इसका पता लगाने के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम गठित की गई है। टीम आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और जांच कर रही है।

पंचायत सचिव निलंबित

मामले में पंचायत स्तर पर लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने पंचायत सचिव प्रकाश कोशले के खिलाफ भी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत हेमाबंद के सचिव को दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और सरकारी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हेमाबंद मामले में भी दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS