Explore

Search

August 25, 2026 7:47 pm

लोरमी में 1298 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के गुर, एसएसपी भोजराम पटेल ने किया जागरूक

CBN36 मुंगेली/लोरमी।मुंगेली पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत मंगलवार को लोरमी के मानस भवन में साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस भोजराम पटेल ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। कार्यशाला में लोरमी के सात प्रमुख स्कूलों के 1298 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।

मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानी से करें

एसएसपी भोजराम पटेल ने विद्यार्थियों से कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल और इंटरनेट जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही आर्थिक और मानसिक नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी।

ओटीपी और यूपीआई पिन किसी से साझा न करें

उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर आने वाले संदिग्ध लिंक, लॉटरी और पार्ट टाइम जॉब के झांसे से भी बचने की सलाह दी गई।

सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें

एसएसपी पटेल ने विद्यार्थियों से कहा कि अपनी निजी जानकारी, फोटो और लोकेशन अनजान लोगों के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया अकाउंट में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई।

ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल

साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल कार्रवाई करने की बात कही गई। एसएसपी ने विद्यार्थियों से कहा कि साइबर अपराध होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा नजदीकी थाना या साइबर सेल को भी सूचना दी जा सकती है।

सात स्कूलों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कार्यशाला में स्वामी आत्मानंद स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, मां भारती स्कूल, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, महाराणा प्रताप स्कूल, डीएससी स्कूल और न्यू जनरेशन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

सेल्फी लेकर दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम में बच्चों, शिक्षकों और ग्राम कोटवारों ने सेल्फी स्टैंड पर ‘मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं’ संदेश के साथ सेल्फी ली। विद्यार्थियों ने एसएसपी से साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका मौके पर सरल तरीके से समाधान बताया गया।

गांव-गांव पहुंचेगा साइबर जागरूकता अभियान

मुंगेली पुलिस ने ग्राम कोटवारों को साइबर जागृति अभियान के बैनर, पोस्टर और पंपलेट वितरित किए। इन्हें गांव-गांव में चस्पा कर आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में स्कूली बच्चों, शिक्षकों और पुलिस स्टाफ को प्रशस्ति पत्र भी दिए गए।

पुलिस के अनुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर साइबर जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम में नायब तहसीलदार शांतनु तारम, एम. कौशिक, पंचायत इंस्पेक्टर रामकुमार पात्रे, प्र. उपनिरीक्षक नवनीत, नवीन जांगड़े, सउनि मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास सहित स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक, पुलिसकर्मी और 1298 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS