
17 सितंबर तक होगा रजिस्ट्रेशन और ऑनलाइन सबमिशन, 27 सितंबर को फाइनल प्रेजेंटेशन
CBN36 रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम, सुव्यवस्थित और स्मार्ट बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की पहल पर ‘रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ का सोमवार को NIT रायपुर के हीरा ऑडिटोरियम में भव्य शुभारंभ हुआ। हैकाथॉन का आयोजन NIT रायपुर और द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), छत्तीसगढ़ स्टेट सेंटर (IEI) के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। इसकी थीम “Our City | Our Roads | Our Ideas” रखी गई है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, IPS ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि सड़क और यातायात व्यवस्था किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे शहर की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों, विद्यार्थियों, इंजीनियर्स, अर्बन प्लानर्स, आर्किटेक्ट्स और तकनीकी विशेषज्ञों से रायपुर की यातायात समस्याओं के व्यावहारिक समाधान देने की अपील की।
आइडिया नहीं, लागू होने वाला समाधान दें

पुलिस कमिश्नर ने प्रतिभागियों से कहा कि वे अपने सुझावों को केवल विचार के रूप में न रखें, बल्कि Short Term, Mid Term और Long Term समाधान के रूप में प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि उपयोगी सुझावों पर पुलिस कमिश्नरेट स्तर पर अमल किया जाएगा। जिन समाधानों के लिए शासन स्तर पर निर्णय या संसाधनों की आवश्यकता होगी, उन्हें शासन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
छह थीम पर खोजे जाएंगे समाधान

हैकाथॉन में यातायात से जुड़ी छह प्रमुख थीम रखी गई हैं
- यातायात इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन
- पार्किंग प्रबंधन
- सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण
- सार्वजनिक परिवहन एकीकरण
- गैर-मोटर चालित परिवहन—पैदल यात्री एवं साइकिल ट्रैक
- यातायात प्रबंधन में AI/IoT का समावेश
इनके जरिए शहर के चौक-चौराहों, सड़कों, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के तकनीकी एवं व्यावहारिक समाधान तलाशे जाएंगे।
छात्रों से लेकर स्टार्टअप और आम नागरिक तक ले सकेंगे हिस्सा
‘रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ Open for All रखा गया है। इसमें छात्र, सिविल इंजीनियर, अर्बन प्लानर, आर्किटेक्ट, प्रोफेशनल, स्टार्टअप, NGO, तकनीकी विशेषज्ञ और रायपुर के जागरूक नागरिक भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी एक या एक से अधिक थीम में अपना आइडिया प्रस्तुत कर सकेंगे।

17 सितंबर तक होगा ऑनलाइन सबमिशन
हैकाथॉन के लिए 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक पंजीयन और ऑनलाइन सबमिशन किया जा सकेगा। प्रतिभागियों को निर्धारित Google Form के माध्यम से आइडिया की प्रस्तुति, सुझाव, फोटो और वीडियो आदि जमा करने होंगे।
तीन चरणों में होगा चयन
पहले चरण में रजिस्ट्रेशन और ऑनलाइन सबमिशन होगा। दूसरे चरण में विशेषज्ञों की टीम प्रस्तुतियों की स्क्रीनिंग करेगी और प्रत्येक थीम से पांच श्रेष्ठ आइडिया शॉर्टलिस्ट किए जाएंगे। इस तरह छह थीम से कुल 30 प्रतिभागियों/आइडिया का चयन होगा।
तीसरे चरण में शॉर्टलिस्ट प्रतिभागियों को विशेषज्ञों के समक्ष अपने आइडिया की प्रत्यक्ष प्रस्तुति देनी होगी। 27 सितंबर 2026 को फाइनल प्रेजेंटेशन के बाद उपयोगिता, व्यवहारिकता, तकनीकी क्षमता, नवाचार और यातायात व्यवस्था पर संभावित प्रभाव के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।
विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार और प्रमाण-पत्र
छहों थीम में चयनित विजेताओं को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से आकर्षक पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार वितरण के लिए अलग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

NIT, IEI और पुलिस कमिश्नरेट के विशेषज्ञों की रहेगी भूमिका
हैकाथॉन के आयोजन में NIT रायपुर, IEI छत्तीसगढ़ स्टेट सेंटर और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की महत्वपूर्ण सहभागिता है। NIT से डॉ. एल.के. यदु और डॉ. सनी देओल सहित IEI के विशेषज्ञों की सहभागिता रहेगी। इसके अलावा विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी प्रतिभागियों के आइडिया के मूल्यांकन में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा, डीसीपी वेस्ट रॉबिन्सन गुड़िया, डीसीपी उत्तर श्रीमती दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त डीसीपी ट्रैफिक रामकुमार बर्मन, एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
NIT निदेशक समेत कई गणमान्य रहे मौजूद

शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला मुख्य अतिथि, प्रो. डॉ.एन.वी. रमणा राव, निदेशक NIT रायपुर विशिष्ट अतिथि तथा डॉ. अमित तुकाराम कांबले, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर रायपुर और पुनीत चौबे, चेयरमैन IEI छत्तीसगढ़ स्टेट सेंटर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से हुई। NIT रायपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष एल.के. यदु ने स्वागत उद्बोधन दिया। डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने हैकाथॉन की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. अमित तुकाराम कांबले ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन अनुराधा दुबे ने किया।
पुलिस की अपील-मिलकर बनाएं स्मार्ट रायपुर
रायपुर पुलिस ने शहरवासियों, विद्यार्थियों, इंजीनियर्स, तकनीकी विशेषज्ञों, अर्बन प्लानर्स, आर्किटेक्ट्स, स्टार्टअप्स और जागरूक नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यह हैकाथॉन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि पुलिस, विशेषज्ञों और नागरिकों की सामूहिक सोच से रायपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का अभियान है।
Our City | Our Roads | Our Ideas
आइए, मिलकर बनाएं सुरक्षित, सुगम और स्मार्ट रायपुर।
प्रधान संपादक




