
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत आरोपी विजय कुमार शराफ की तलाश की जा रही थी, मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उसके ससुराल क्षेत्र कोतरारोड़ से गिरफ्तार किया गया ”
रायगढ़। सहारा इंडिया निवेश घोटाले में करीब तीन साल से फरार चल रहे रायगढ़ शाखा के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे कोतरारोड़ क्षेत्र से हिरासत में लेने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में दर्ज मामले की जांच में सामने आया कि सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने निवेशकों को अधिक रिटर्न और कंपनी की विश्वसनीयता का भरोसा देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराया, लेकिन परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी राशि वापस नहीं की। जांच में यह भी पता चला कि निवेशकों से सहारा इंडिया के नाम पर धन लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉन्ड जारी किए गए।
पुलिस का दावा है कि अब तक रायगढ़ समेत अन्य जिलों के 3,848 निवेशकों से 40 करोड़ 78 लाख 16 हजार 739 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हो चुका है। मामले में पहले भी कंपनी के डायरेक्टर, क्षेत्रीय प्रबंधक, सेक्टर मैनेजर और शाखा प्रबंधकों सहित कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत आरोपी विजय कुमार शराफ की तलाश की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उसके ससुराल क्षेत्र कोतरारोड़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से कंपनी से जुड़े प्रशासनिक दस्तावेज और एमओयू की प्रतियां बरामद की गईं।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। नए साक्ष्य मिलने पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक



