Explore

Search

July 21, 2026 8:12 pm

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने HOG प्रणाली से बचाए 81 करोड़, 65 लाख लीटर डीजल की हुई बचत

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में हेड ऑन जनरेशन (HOG) प्रणाली के माध्यम से 65 लाख लीटर से अधिक डीजल की बचत की है। इससे रेलवे को लगभग 81 करोड़ की वित्तीय बचत हुई है, जबकि 16,614 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की 25 एलएचबी आधारित ट्रेनों में HOG प्रणाली सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है। इस तकनीक के तहत अब कोचों में प्रकाश एवं वातानुकूलन के लिए आवश्यक बिजली डीजल जनरेटर के बजाय सीधे ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन (OHE) के माध्यम से विद्युत इंजन से प्राप्त की जा रही है। इससे डीजल आधारित एंड ऑन जनरेशन (EOG) प्रणाली पर निर्भरता लगभग समाप्त हो गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पहले एलएचबी ट्रेनों के दोनों सिरों पर लगे पावर कारों में स्थापित डीजल जनरेटर कोचों को बिजली उपलब्ध कराते थे। HOG प्रणाली लागू होने के बाद यह व्यवस्था समाप्त हो गई है, जिससे ईंधन की बचत, परिचालन लागत में कमी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला है।

HOG प्रणाली से न केवल डीजल की बड़ी मात्रा में बचत हो रही है, बल्कि ध्वनि प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आई है। डीजल जनरेटर हटने से यात्रियों को अधिक शांत और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल रहा है। वहीं नई डिज़ाइन की पावर कारों में कम स्थान घेरने वाली व्यवस्था के कारण सामान्य श्रेणी में अतिरिक्त बैठने की क्षमता भी उपलब्ध हुई है। इसके अलावा डीजल, लुब्रिकेंट और अन्य ज्वलनशील उपकरणों के कम उपयोग से अग्नि सुरक्षा में भी सुधार हुआ है तथा रखरखाव लागत में कमी आई है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की 25 प्रमुख ट्रेनों, जिनमें बिलासपुर-चेन्नई, बिलासपुर-पुणे, बिलासपुर-एर्नाकुलम, छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति, दुर्ग-निजामुद्दीन हमसफर, अमरकंटक एक्सप्रेस, हसदेव एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, शिवनाथ एक्सप्रेस, नर्मदा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं, में यह प्रणाली लागू की जा चुकी है।

रेलवे का मानना है कि HOG प्रणाली भारतीय रेल को हरित, सुरक्षित, आधुनिक और ऊर्जा-कुशल परिवहन व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा उपलब्ध कराने में भी अहम भूमिका निभा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS