Explore

Search

September 9, 2026 10:16 pm

स्कूली ऑटो में ओवरलोडिंग पर सख्ती, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, नियम तोड़ने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई”

रायगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस ने ओवरलोडिंग करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस शहर में स्कूली ऑटो की सघन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने, नशे की हालत में वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों और ऑटो चालक संघ के पदाधिकारियों की बैठक लेकर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी थी। बैठक में ऑटो चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे किसी भी स्थिति में क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन न करें। स्कूल प्रबंधन से भी ऐसे मामलों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।

डीएसपी ट्रैफिक ने चेतावनी दी कि जांच के दौरान यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए मिला तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

बैठक के अगले दिन से ही यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे के नेतृत्व में शहर के विभिन्न स्थानों पर स्कूली ऑटो की जांच शुरू कर दी गई। जांच के दौरान चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और ओवरलोडिंग नहीं करने की हिदायत दी गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल वाहन चालकों और शिक्षण संस्थानों को सभी सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, लापरवाही या नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS