दुर्ग, 20 जुलाई 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष पिंक पेट्रोलिंग अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के तहत उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों एवं महिला पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पिंक पेट्रोलिंग टीम ने मैत्री गार्डन, संडे मार्केट सुपेला, महमरा एनीकट, ट्रैफिक पार्क (सिविक सेंटर) भिलाई नगर सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बच्चों को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1091, अभिव्यक्ति ऐप, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया। साथ ही किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई और अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के मामलों में उन्हें रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा अभिभावकों से अपील की गई कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, पिंक पेट्रोलिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें पुलिस सहायता तंत्र एवं कानूनों से जोड़ना तथा सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

इस अभियान में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप, विभिन्न थाना क्षेत्रों की महिला उप निरीक्षक, पिंक पेट्रोलिंग टीम, संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि छेड़छाड़, पीछा करना, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1091 या निकटतम पुलिस थाना को दें तथा अभिव्यक्ति ऐप का अधिक से अधिक उपयोग कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
प्रधान संपादक


