Explore

Search

July 20, 2026 7:08 am

क्रिटिकल मिनरल्स के अनुसंधान को मिलेगी नई दिशा, सीएमडीसी और जेएनएआरडीडीसी के बीच एमओयू

रायपुर।छत्तीसगढ़ में खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक एवं मूल्यवर्धित उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीएमडीसी) और जवाहरलाल नेहरू एल्युमिनियम अनुसंधान, विकास एवं डिजाइन केंद्र (जेएनएआरडीडीसी), नागपुर के बीच शनिवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। राज्य सरकार का कहना है कि यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “क्रिटिकल मिनरल मिशन” और “आत्मनिर्भर भारत” अभियान को गति देने में सहायक होगा।

इस अवसर पर कहा गया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक, सतत और आधुनिक तकनीकों पर आधारित उपयोग को बढ़ावा दे रही है। एमओयू के माध्यम से क्रिटिकल मिनरल्स के अनुसंधान, खनिज संसाधनों के मूल्य संवर्धन तथा नई तकनीकों के विकास पर संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा।

एमओयू आदान-प्रदान कार्यक्रम में भारतीय खान ब्यूरो के कंट्रोलर जनरल एवं जेएनएआरडीडीसी के निदेशक पंकज कुलश्रेष्ठ और सीएमडीसी के मुख्य महाप्रबंधक संजय कनकने ने समझौता पत्रों का औपचारिक आदान-प्रदान किया। कार्यक्रम में भारतीय खान ब्यूरो के कंट्रोलर ऑफ माइंस डॉ. बी.एल. गुर्जर, रीजनल कंट्रोलर ऑफ माइंस प्रेम प्रकाश, सीएमडीसी के महाप्रबंधक यू.के. कुरैशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि पंकज कुलश्रेष्ठ ने कहा कि अनुसंधान आधारित खनिज विकास, नवाचार और संस्थागत सहयोग से राज्य एवं देश के खनिज क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। वहीं डॉ. बी.एल. गुर्जर ने सीएमडीसी और खनिज साधन विभाग के बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए इसे राज्य के खनिज विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में सीएमडीसी के महाप्रबंधक यू.के. कुरैशी ने निगम की 25 वर्षों की विकास यात्रा, प्रमुख परियोजनाओं और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर प्रस्तुति दी। उन्होंने राज्य में उपलब्ध खनिज संपदा के वैज्ञानिक एवं समावेशी दोहन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।

जेएनएआरडीडीसी के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. उपेंद्र सिंह ने बताया कि संस्थान रेड मड से गैलियम और वैनेडियम तथा बॉक्साइट के उप-उत्पादों से स्कैंडियम की रिकवरी पर अनुसंधान कर रहा है। उनके अनुसार ऐसे शोध भारत को क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में सीएमडीसी के मुख्य महाप्रबंधक संजय कनकने ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह साझेदारी खनिज अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और सतत खनन को नई दिशा देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक प्रगति को भी गति प्रदान करेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS