
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य, एसएसपी ने स्वयं संभाली जांच की कमान।
रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव के बाहर स्थित एक सुनसान बोरघर में रह रही 35 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की मासूम बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी अनिल सोनी के अनुसार मृतका बरत कुमारी के पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद वह अपने मायके में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक पति की मौत के बाद उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी और वह अक्सर गांव में इधर-उधर घूमती रहती थी। पिछले कुछ समय से वह गांव के बाहर प्रहलाद बेहरा के खेत में बने बोरघर में अपनी 10 माह की बेटी परी के साथ रह रही थी।
घटना का खुलासा 16 जुलाई की सुबह उस समय हुआ, जब गांव के एक व्यक्ति ने मृतका की मौसेरी बहन बुधियारो नागवंशी को सूचना दी कि बरत कुमारी घायल अवस्था में पड़ी है और उसके सिर व चेहरे से खून निकल रहा है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां बरत कुमारी गंभीर रूप से घायल मिली, जबकि उसकी 10 माह की बेटी परी की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी भी मौत हो गई।
सूचना पर एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं लैलूंगा पहुंचे और घटनास्थल तथा जांच की समीक्षा की। उन्होंने संदेहियों से पूछताछ की और जांच टीम को सभी पहलुओं पर गहन जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
एसएसपी बोले-जल्द होगी गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। उपलब्ध वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
प्रधान संपादक


