Explore

Search

July 18, 2026 10:45 pm

किराए के कमरे में विधि छात्र ने जहर खाकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा-सॉरी’

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में किराए के कमरे में रह रहे 23 वर्षीय विधि छात्र ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें केवल “सॉरी” लिखा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अंबिकापुर निवासी अभिषेक यादव (23), पिता गुरुप्रसाद यादव के रूप में हुई है। वह बिलासपुर के एक निजी महाविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था और उच्च शिक्षा के लिए अशोक नगर स्थित किराए के कमरे में रह रहा था। उसके पिता पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अभिषेक कॉलेज से अपने कमरे पर लौटा था। इसके बाद वह बाहर नहीं निकला। शुक्रवार शाम तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और भीतर से कोई हलचल नहीं होने पर उसके दोस्तों को संदेह हुआ। उन्होंने कमरे के अंदर झांककर देखा तो अभिषेक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। तत्काल इसकी सूचना सरकंडा पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें केवल “सॉरी” लिखा मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा। शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया।

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों तथा अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS