Explore

Search

July 18, 2026 9:24 pm

मुंगेली में किरायेदार सत्यापन पर सख्ती, एसएसपी भोजराम पटेल ने दिए कड़े निर्देश

मुंगेली। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बाहरी प्रवासी व संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने शनिवार को जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और साइबर सेल की बैठक लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि जिले के सभी मकान मालिक अपने किरायेदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराएं। इसके लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘समाधान एप’ में पंजीयन कर राज्य एवं अन्य राज्यों से आने वाले किरायेदारों की जानकारी दर्ज करना सुनिश्चित करें। उन्होंने थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में मकान मालिकों को जागरूक करें तथा आवश्यकता पड़ने पर नोटिस जारी कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराएं।

बैठक में फेरी लगाकर कारोबार करने वाले व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच पर भी विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने निर्देश दिए कि ग्राम कोटवारों के माध्यम से ऐसे लोगों का आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए और उन्हें क्षेत्र में आने से पहले संबंधित थाने में मुसाफिरी दर्ज कराने के लिए कहा जाए।

एसएसपी ने जिले के सभी औद्योगिक संस्थानों, ढाबों, लॉज और होटलों में कार्यरत कर्मचारियों तथा ठहरने वाले पर्यटकों और आगंतुकों की प्रतिदिन ‘समाधान एप’ में एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे बाहरी व्यक्तियों का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी।

बैठक के दौरान एसएसपी भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध या अज्ञात व्यक्ति दिखाई दे अथवा उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों तो इसकी तत्काल सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें। वहीं अवैध हथियार, नशे के कारोबार जैसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम 9479193044 पर तथा साइबर ठगी की शिकायत तत्काल 1930 पर दर्ज कराने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS