Explore

Search

September 4, 2026 10:58 pm

दुर्ग यातायात पुलिस की बड़ी पहल: ट्रैफिक मितानों को मितान किट, हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों में स्ट्रेचर सुविधा

सड़क दुर्घटना राहत, गोल्डन ऑवर रेस्क्यू और जन सह भागिता को मजबूत करने के लिए दुर्ग पुलिस ने उठाया महत्वपूर्ण कदम

दुर्ग।सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन ऑवर के भीतर त्वरित राहत एवं उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस ने एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल की है। इसके तहत सभी हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को स्ट्रेचर से सुसज्जित किया गया है। साथ ही सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहयोग देने वाले ट्रैफिक मितानों को मितान किट एवं मितान बैज वितरित किए गए। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

यह कार्यक्रम 16 जुलाई को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-6, भिलाई में आयोजित किया गया। ट्रैफिक मितानों को प्रदान की गई मितान किट में सेफ्टी जैकेट, सीटी, रस्सी, रिफ्लेक्टर, पानी की बोतल एवं बैग जैसी आवश्यक सामग्री शामिल है, जिससे वे सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित और प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान राजधानी मेडिकल एवं श्याम मेडिकल, भिलाई के सहयोग से यातायात पुलिस के सभी हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को स्ट्रेचर उपलब्ध कराए गए। इस व्यवस्था से दुर्घटना स्थल पर रेस्क्यू कार्य अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं प्रभावी होगा तथा घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान से पुलिस बल में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, उत्तरदायित्व और जनसेवा की भावना को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद करते हुए तत्काल पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS