Explore

Search

July 18, 2026 5:11 pm

जिला बदर आदेश तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी शशि मोहन सिंह

रायगढ़। जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर पुलिस कार्यालय में हंगामा करने वाले आरोपी चाहत शुक्ला उर्फ आदित्य को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ रायगढ़ पुलिस तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की शाम जिला बदर आरोपी चाहत शुक्ला पुलिस कार्यालय पहुंचकर हंगामा करने लगा। उसके हाथ में पेट्रोल से भरी एक प्लास्टिक की बोतल भी थी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए बोतल को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। समझाइश के बावजूद आरोपी शांत नहीं हुआ और लगातार अभद्र व्यवहार करता रहा। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत उसे गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। शुक्रवार को एसडीएम न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि चाहत शुक्ला के खिलाफ मारपीट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पहले वर्ष 2024 में जिला बदर किया गया था। इसके बाद भी गतिविधियां जारी रहने पर जिला दंडाधिकारी ने 23 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत उसे रायगढ़ सहित आसपास के कई जिलों से एक वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी रायगढ़ में प्रवेश कर गया और पुलिस कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन, लोक शांति भंग करने का प्रयास या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस बिना किसी ढिलाई के सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS