Explore

Search

July 18, 2026 3:42 pm

भूमि विवाद में दंपती की हत्या, शव जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश; 72 घंटे में दो सगे भाई गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, वैज्ञानिक विवेचना और सशक्त पुलिसिंग के सामने अपराधी बच नहीं सकते”

रायगढ़, 18 जुलाई।जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में भूमि विवाद के चलते बुजुर्ग दंपती की हत्या कर शवों को जलाकर साक्ष्य मिटाने के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड निवासी मंगल राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55) के जले हुए शव 15 जुलाई की सुबह उनके घर के एक कमरे में मिले थे। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद आग लगाकर घटना को हादसे का रूप देने की आशंका जताई गई थी। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल से बरामद हत्या में प्रयुक्त टांगी की गंध के आधार पर पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने श्याम लाल राठिया तक पहुंचने का संकेत दिया। वहीं, एफएसएल की जांच, गवाहों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने श्याम लाल राठिया और उसके भाई जीवन लाल राठिया से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2013 में खरीदी गई भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 14 जुलाई की रात दोनों आरोपी टांगी लेकर मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही उन्होंने मंगल राठिया पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर बाहर आई उनकी पत्नी पुनाई बाई की भी टांगी से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शवों पर कपड़े और अन्य सामान डालकर आग लगा दी तथा घर के दो कमरों में भी आग लगाकर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम लाल राठिया (32) और जीवन लाल राठिया (48), दोनों निवासी ग्राम कोंध्रा, थाना धरमजयगढ़ के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, वैज्ञानिक जांच और प्रभावी पुलिसिंग के सामने अपराधी बच नहीं सकते। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद या आपसी रंजिश का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए, हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS