Explore

Search

July 18, 2026 2:24 pm

कलेक्टर की मौजूदगी में कांग्रेस-अपोलो प्रबंधन की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर बनी सहमति

बिलासपुर। अपोलो अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच जिला प्रशासन की मध्यस्थता में  कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल और अस्पताल प्रबंधन के बीच बैठक हुई। बैठक में मरीजों को बेहतर इलाज, 24 घंटे एम्बुलेंस सुविधा और आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। अस्पताल प्रबंधन ने व्यवस्थाओं में जल्द सुधार का भरोसा दिया।

बैठक में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय केशरवानी ने कहा कि अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने मांग की कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्रभावी ढंग से मिले और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए इस सुविधा को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।

विजय ने कहा कि हार्ट, किडनी, लंग्स, ब्रेन और न्यूरो से संबंधित गंभीर मरीजों के लिए आयुष्मान योजना के तहत इलाज शुरू किया जाना चाहिए, ताकि आर्थिक अभाव उपचार में बाधा न बने।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 24 घंटे सुसज्जित एम्बुलेंस और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी मरीजों के जीवन पर सीधा असर डालती है।

बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी उपचार व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।

अपोलो अस्पताल के यूनिट हेड (सीईओ) अभय गुप्ता ने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा और पात्र मरीजों को आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में कैंसर मरीजों के लिए आयुष्मान योजना के तहत उपचार की सुविधा उपलब्ध है। हार्ट, किडनी, लंग्स, ब्रेन और न्यूरो से जुड़े मरीजों के लिए भी योजना लागू करने के संबंध में उच्च प्रबंधन से चर्चा कर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

बैठक के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी संस्था का विरोध नहीं, बल्कि मरीजों के हितों की रक्षा और जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बैठक में दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन पर लगातार नजर रखी जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS