बिलासपुर, 16 जुलाई। बिलासपुर प्रेस क्लब के संवाद कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में गुरुवार को भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू शामिल हुए। पत्रकारों से संवाद के दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की यात्रा, केंद्र सरकार की विकास योजनाओं और बिलासपुर के भविष्य के विकास रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पत्रकारों के समसामयिक और जनहित से जुड़े सवालों का उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा एवं पदाधिकारियों द्वारा केंद्रीय मंत्री का पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत करने से हुई। इसके बाद आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में तोखन साहू ने अपने राजनीतिक जीवन के कई अनछुए पहलुओं को साझा किया।
उन्होंने बताया कि उनका राजनीतिक सफर किसी राजनीतिक परिवार से नहीं, बल्कि एक सामान्य ग्रामीण परिवार से शुरू हुआ। निजी क्षेत्र में अकाउंटेंट की नौकरी करते हुए उन्होंने सबसे पहले पंच का चुनाव लड़ा। इसके बाद सरपंच, जनपद सदस्य, विधायक, सांसद और अब केंद्र सरकार में राज्य मंत्री तक का सफर तय किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन का परिणाम है।
मंत्री बनने के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से अचानक फोन आने पर उन्हें नई जिम्मेदारी की जानकारी मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने सहयोगियों की कार्यशैली, क्षेत्र और पृष्ठभूमि की गहरी जानकारी रखते हैं, जिसने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया।
बिलासपुर विकास की कई योजनाओं की दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए करीब 290 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी गई है तथा नाइट लैंडिंग सुविधा भी सुनिश्चित हो चुकी है। इससे भविष्य में हवाई सेवाओं का विस्तार होगा।
रेलवे विकास पर उन्होंने बताया कि 58 ट्रेनों के स्टॉपेज फिर से बहाल किए गए हैं। प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक बनाए जा रहे हैं, जबकि 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 32 किलोमीटर लंबे बाइपास की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है।
अरपा संरक्षण, महामाया कॉरिडोर और आवास योजना पर जोर
तोखन साहू ने बताया कि रतनपुर माता महामाया कॉरिडोर, शहर के तालाबों के सौंदर्यीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना और अरपा नदी संरक्षण को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है। अरपा नदी में गिरने वाले सीवरेज के शोधन के लिए बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की योजना पर केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से काम कर रही हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों का चयन राज्य सरकार करती है और प्रस्ताव मिलते ही केंद्र स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले एक-दो वर्षों में प्रदेश के अधिकांश पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल जाएगा।
छत्तीसगढ़ी भाषा और जीवनशैली पर भी रखे विचार
छत्तीसगढ़ी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने के प्रश्न पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष पहल की है। कई भाषाओं के प्रस्ताव विचाराधीन हैं और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।
उन्होंने अपनी दिनचर्या का उल्लेख करते हुए बताया कि वे नियमित योग करते हैं, मिलेट आधारित भोजन को प्राथमिकता देते हैं तथा अपने घर में जैविक खेती को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रधान संपादक


