Explore

Search

August 11, 2026 7:45 am

भिलाई में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘पिंक पेट्रोलिंग’ शुरू, 14 टीमें रहेंगी 24 घंटे तैनात

“दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके”

भिलाई। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने बुधवार को ‘पिंक पेट्रोलिंग’ अभियान की शुरुआत की। पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-6 भिलाई से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को रवाना किया।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि जिले के 13 थाना क्षेत्रों और एक रक्षा टीम सहित कुल 14 विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में चार पुलिसकर्मी और एक पीएसआई प्रभारी तैनात रहेंगे। ये टीमें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजार, मॉल, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित गश्त कर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।

पुलिस के अनुसार, डायल-112 और महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर पिंक पेट्रोलिंग टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराएंगी। साथ ही असामाजिक तत्वों, मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मलीशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन), उप पुलिस अधीक्षक (आईजीडब्ल्यू) भारती मरकाम, आकर्षि कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पिंक पेट्रोलिंग अभियान के संचालन और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम और उप पुलिस अधीक्षक आकर्षि कश्यप को सौंपी गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS